यह रहेगा सिक्के पर ख़ास: सिक्के पर सेल्युलर जेल के पीछे तिरंगे को सलामी देते नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर बनी होगी। सिक्के पर देवनागरी और अंग्रेजी में प्रथम ध्वजारोहण दिवस लिखा होगा
नई दिल्ली, 14 नवंबर 2018: मोदी सरकार जल्द ही 75 रुपए का सिक्का जारी करेगी। सरकार ने मंगलवार को पोर्टब्लेयर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा पहली बार तिरंगा फहराने की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 75 रुपए का स्मारक सिक्का यानी कोमेमोरेटिव कॉइन जारी करने की घोषणा की है।
यह रहेगा सिक्के पर ख़ास:
सिक्के पर देवनागरी और अंग्रेजी में प्रथम ध्वजारोहण दिवस लिखा होगा। बता दें कि 30 दिसंबर, 1943 को, सुभाष चंद्र बोस ने पहली बार सेलुलर जेल, पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराया था। याद करें कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले माह 21 अक्टूबर को लालकिले पर राष्ट्रीय घ्वज फहराया था। साथ ही सुभाष चंद्र बोस द्वारा बनाई गयी आजाद हिंद फौज की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर पर एक पट्टिका का अनावरण किया था।
बता दें कि वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा पोर्ट ब्लेयर पर पहली बार तिरंगा झंडा फहराने की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केंद्र सरकार की अधिकृत अथॉरिटी मिंट द्वारा 75 रुपए का सिक्का तैयार किया जायेगा।
मीडिया खबरों के अनुसार 35 ग्राम के इस सिक्के में 50 फीसदी चांदी, 40 फीसदी तांबा और 5-5 फीसदी निकल व जिंक का समावेश होगा। सिक्के पर सेल्युलर जेल के पीछे तिरंगे को सलामी देते नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तसवीर बनी होगी।







