नई दिल्ली 12 अक्टूबर 2018: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदल रहा है। उत्तर भारत के तीन पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी के बाद उत्तर के मैदानी इलाकों में ठंडक बढ़ गई है। जबकि दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान तितली ने कहर बरपाया है। इससे आंध्र प्रदेश में 8 और ओडिशा में दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को तितली तमिलनाडु की ओर बढ़ गया है। तूफान के चलते आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम और विजियानगरम जिलों के साथ ही ओडिशा के गजपति और गंजाम जिलों में भारी नुकसान पहुंचा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात के साथ 150 से 165 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। ओडिशा को पार करते हुए चक्रवाती तूफान अब पश्चिम बंगाल के गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है और मौसम विभाग के लोगों का मानना है कि धीरे-धीरे यह विमान कमजोर हो जाएगा।
आंध्र प्रदेश में तूफान से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई है। एसडीएमए ने बताया कि गुडिवाडा अग्रहारम गांव में 62 वर्षीय एक महिला के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गई है तथा श्रीकाकुलम जिले के रोतनासा गांव में एक मकान गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि समुद्र में गए छह मछुआरों की भी मौत हो गई। कोताबोम्माली (24.82 सेमी), संथाबोम्माली (24.42 सेमी), इच्छापुरम (23.76 सेमी) और तेक्काली (23.46 सेमी) के बाद पलासा, वज्रापुकोत्तुरू, नंदीगाम इलाकों में 28.02 सेमी। बारिश दर्ज की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्रीकाकुलम जिले के अन्य मंडलों में दो सेमी। से 13.26 सेमी तक बारिश दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि बेहद भीषण चक्रवाती तूफान ‘तितली’ ने ओडिशा के गोपालपुर कस्बे और आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में गुरुवार सुबह साढ़े चार से पांच बजे के बीच में दस्तक दी। तूफान बेहद भीषण था और इससे आठ जिले प्रभावित हुए जिनमें गंजम, गजपति, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर शामिल हैं। ओडिशा में चक्रवात के कारण गंजम, गजपति और पुरी जिलों में भारी से भारी बारिश हुई। ओडिशा के जल संसाधन सचिव पीके जेना ने बताया कि बालासोर में सबसे अधिक 117 मिमी और पारादीप में 111 मिमी बारिश दर्ज की गई।
हिमाचल, लेह में हो रही बर्फबारी और ओडिशा में आए तितली तूफान ने दिल्ली के मौसम का मिजाज बदल दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को आसमान में आंशिक बदली छाई रहेगी, लेकिन दोपहर तक हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता का स्तर 69 फीसदी दर्ज हुआ।