अयोध्या में बनेगी 221 मी. ऊंची प्रतिमा भगवान श्रीराम की, मुख्यमंत्री ने देखा प्रजेंटेशन
लखनऊ, 26 नवंबर 2018: दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा भगवान श्रीराम की अयोध्या में सरयू तट किनारे बनेगी। फ़िलहाल इस प्रतिमा की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। यह प्रतिमा दुनिया की सबसे ऊंची (221 मीटर) और गुजरात में लगी सरदार पटेल की प्रतिमा से बड़ी होगी। इस योजना के लिए उपयुक्त भूमि का चयन, स्वायल टेस्टिंग व विंड टनेल टेस्टिंग आदि कार्य कराए जा रहे हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देर रात अपने सरकारी आवास पर पांच वास्तुविद फर्मो द्वारा भगवान श्रीराम की मूर्ति का प्रजेंटेशन देख रहे थे। इस अवसर पर बताया गया कि सरदार पटेल की प्रतिमा 182 मीटर ऊंची बनी है, जबकि श्रीराम की प्रतिमा 221 मीटर होगी। इसमें 151 मीटर ऊंची मूर्ति, उसके ऊपर 20 मीटर छत्र व 50 मीटर का बेस होगा। इस प्रकार मूर्ति की कुल ऊंचाई 221 मीटर है।