उत्तर प्रदेश सरकार कोरोना पर कंट्रोल के लिए लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके लिए सभी संभव कदम उठा रहे है। लेकिन कोरोना सम्पर्क से फैलता है। ऐसे में इसके मुकाबले के लिये जनता का सहयोग अपरिहार्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लॉकड़ाउन के प्रति लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त कर चुके है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना बचाव कार्यों की निगरानी, समीक्षा कर रहे है। उंन्होने भी लोगों से सहयोग की अपेक्षा की है।

सरकार अपनी तरफ से अनेक कदम उठा रही है। इसके मद्देनजर उच्च तकनीक से युक्त डिजास्टर कण्ट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। इसे आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिये तैयार किया जा रहा है। इसके माध्यम से पूरे प्रदेश की निगरानी रखी जायेगी। सरकार अफवाहों व भ्रामक तथ्यों के प्रति भी गम्भीर है। लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए मीडिया को भी सही तथ्य उपलब्ध कराने के इंतजाम किए गए है। आपदा की स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था को इंटीग्रेटेड किया जा रहा है। इसमें संबंधित विभागों के बीच प्रभावी तालमेल पर जोर दिया जाएगा। सभी जिलों में चिकित्सा से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
सभी प्राइवेट मेडिकल काॅलेजों में आइसोलेटेड वाॅर्ड की व्यवस्था के निर्देश दिए गए है। दिहाड़ी श्रमिकों, दैनिक कामगारों, विभिन्न प्रकार की पेंशन लाभार्थियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध करायी जा रही है। योगी ने निर्देश दिया कि वृद्धावस्था,निराश्रित महिला तथा दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं से आच्छादित लाभार्थियों के खातों में अग्रिम धनराशि भेज दी जाए। उन्होंने खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी राशन की दुकानों में खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। इमरजेंसी इक्विपमेंट, मास्क, ग्लव्स, अन्य आवश्यक चिकित्सकीय वस्तुओं इत्यादि शीघ्रता से आवश्यक खरीद करने के निर्देश दिए।
चिकित्सा कर्मियों, प्रभावित मरीजों के परिजनों इत्यादि को मास्क उपलब्ध कराने के लिए इनकी व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकार मास्क की कालाबाजारी,ओवर रेटिंग तथा नकली मास्क की बिक्री को बर्दास्त नहीं करेगी। योगी ने लाॅक डाउन की स्थिति में दूध तथा सब्जी की सप्लाई,दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकार ने सभी अंतर्राज्जीय और अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं को पूरी तरह से सील कर दिया है। लाॅक डाउन की अवधि में अनावश्यक यातायात को रोका जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इसमें जनसहयोग की आवश्यकता है।
- डॉ दिलीप अग्निहोत्री







