किये वोटर को फंसाने के लुभावने वादे: 50 पन्नों का ‘संकल्प पत्र’ अमित शाह ने किया जारी, कांग्रेस ने भी जारी किया 112 पन्नों का ‘वचन पत्र
नई दिल्ली, 10 नवंबर 2018: छत्तीसगढ़ में सोमवार को होने वाली पहले चरण की वोटिंग से पहले भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री रमन सिंह ने घोषणा पत्र ‘नवा छत्तीसगढ़ संकल्प पत्र 2018’ जारी किया। श्री शाह ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि भाजपा सरकार इसमें किए गए वादों को पूरा करेगी।
उधर भोपाल में कांग्रेस ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी करते हुए वादा किया कि प्रदेश में सत्ता में आने पर किसानों के दो लाख रुपये तक के कर्ज माफ किये जाएंगे। इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को वेतन अनुदान देने का भी वचन दिया है। कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों को कृषि भूमि रजिस्ट्री शुल्क में छूट देने और छोटे किसानों को कन्या विवाह हेतु 51,000 रुपये की सहायता देने का भी वादा किया है।
भाजपा ने किसान-मजदूरों को लुभाने की कोशिश की
भाजपा ने अपने 50 पृष्ठ के संकल्प पत्र में 60 वर्ष से अधिक आयु के लघु और सीमांत किसानों और भूमिहीन कृषि मजदूरों को एक हजार रूपए प्रतिमाह पेंशन देने, अगले पांच वर्षों में किसानों को दो लाख नए पंप कनेक्शन देने, दलहन और तिलहन किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद करने, राज्य के सभी संभागों में गौ अभयारण्य बनाने, राज्य में दुग्ध क्रांति अभियान चलाने और राज्य को जैविक खेती के लिए रूप में विकसित करने का वादा किया है।
नक्सलवाद मुक्त राज्य बनेगा छत्तीसगढ़:
अपने घोषणा पत्र में भाजपा ने छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद मुक्त राज्य बनाने, अनुसूचित जाति और जनजाति के बच्चों के लिए गुरु घासीदास और अमर शहीद गुंडाधूर छात्रवृत्ति योजना लागू करने और वनोपज खरीदी बिक्री के लिए सर्वसुविधा युक्त हाट बाजारों की स्थापना करने का वादा किया है।
स्कूटी तक देने का वादा:
पार्टी ने कहा है कि ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों के लिए पक्के आवास का निर्माण किया जाएगा। नोनी सुरक्षा योजना में दी जाने वाली राशि को दोगुना कर दो लाख रूपए किया जाएगा। 9वी कक्षा में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की जाएगी। वहीं 12वीं कक्षा तक के सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क गणवेश और पाठ्य पुस्तकें दी जाएगी। मेधावी छात्राओं को यातायात में सुविधा के लिए निःशुल्क स्कूटी दी जाएगी।

मध्यप्रदेश: कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र
- कांग्रेस की बनी सरकार तो किसानों का दो लाख तक का कर्ज होगा माफ
- कांग्रेस ने जारी किया 112 पन्नों का ‘वचन पत्र
भोपाल, 10 नवंबर 2018: कांग्रेस ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी करते हुए वादा किया कि प्रदेश में सत्ता में आने पर किसानों के दो लाख रुपये तक के कर्ज माफ किये जाएंगे। इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को वेतन अनुदान देने का भी वचन दिया है। कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों को कृषि भूमि रजिस्ट्री शुल्क में छूट देने और छोटे किसानों को कन्या विवाह हेतु 51,000 रुपये की सहायता देने का भी वादा किया है।
किसानों को लुभाने की कोशिश:
प्रदेश कांग्रेस ने किसानों के लिए घोषणाओं की बौछार करते हुए दो लाख रुपये तक कर्ज माफ करने, 60 वर्ष की आयु के छोटे किसानों को 1,000 मासिक पेंशन देने, बिजली बिल आधा करने, कुछ फसलों पर बोनस देने, दूध पर पांच रुपये प्रति लीटर बोनस देने, कृषि भूमि की रजिस्ट्री में छूट के तहत पुरुष किसान को 6 फीसद तथा महिला किसान को 3 प्रतिशत का रियायती शुल्क लेने सहित डीजल-पेट्रोल पर छूट देने का वादा किया गया है।
युवा आयोग का होगा गठन:
कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता में आने के बाद युवाओं की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के लिये युवा आयोग के गठन की भी घोषणा की है। कांग्रेस ने स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्योगों को जीएसटी में राहत देने की बात भी कही है।
भाजपा जैसा ‘जुमला पत्र’ नहीं: सिंधिया
पार्टी का घोषणा पत्र जारी करने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए सिंधिया ने कहा, ‘‘हम वचन पत्र लेकर आये हैं. भाजपा जैसा जुमला पत्र नहीं। इस वचन पत्र में सभी वर्ग के कल्याण के लिये वचन किया गया है। ’कांग्रेस के 112 पृष्ठ के वचन पत्र में 50 विषयों पर 973 बिन्दुओं पर वचन किया गया है। कांग्रेस ने सभी विभागों के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों, सफाई कर्मियों को नियमित करने, वरिष्ठ नागरिकों के लिये वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड का गठन करने, वकीलों एवं पत्रकारों के लिये सुरक्षा अधिनियम लागू करने, प्रदेश में चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा भी वचन पत्र में किया है। वचन पत्र जारी करने के मौके पर प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी उपस्थित थे।







