नई दिल्ली, 03 मार्च 2019: प्रधानमंत्री ने कुछ लोगों द्वारा अपने ही देश का विरोध करने को राष्ट्र के समक्ष चुनौती बताते हुए शनिवार को कहा कि मोदी विरोध की जिद में देश हित का विरोध मत करिए। उन्होंने यह भी कहा कि ध्यान रखिए कि मसूद अजहर और हाफिज सईद जैसे आतंकियों को, आतंक के सरपरस्तों को सहारा न मिल पाए।
उन्होंने कहा कि देश में आज एक चुनौती है कि कुछ लोगों द्वारा अपने ही देश का विरोध किया जा रहा है। आज जब पूरा देश सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है तो कुछ लोग सेना पर ही संदेह कर रहे हैं।
उन्होंने यहां इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में कहा, ‘‘ ऐसे लोगों से मैं कहना चाहता हूं कि आपको सेना के सामर्य पर संदेह है या भरोसा है। मोदी विरोध करना हो तो जरूर करिए, हमारी योजनाओं में कमियां निकालिए, आपका हमेशा स्वागत है। लेकिन देश के सुरक्षा हितों का, देश के हित का विरोध मत करिए।’
श्री मोदी ने कहा, ‘‘आप ये ध्यान रखिए कि मोदी विरोध की इसी जिद में मसूद अजहर और हाफिज सईद जैसे आतंकियों को, आतंक के सरपरस्तों को सहारा न मिल जाए।







