महिला सशक्तिकरण का नारा भी खोखला साबित हुआ: सांसद संजय सिंह
चित्रकूट 21 नवंबर 2018: अपना दल के मंच से शत्रुधन सिन्हा ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने जो किसानों से वादा किया था, वह 4 साल में पूरा नहीं किया और न ही किसानों को लागत मूल्य का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य ही मिला और न ही स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू किया गया। अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली सरकार ने जनता के ऊपर बुरे दिन ला दिये। वह आज चित्रकूट के रामायण मेला मैदान में आयोजित अपना दल की एक विशाल किसान सभा में आये प्रदेश के हजारों किसानों को सम्बोधित कर रहे थे।
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि आप देख रहे हैं कि किस तरह से देश में गुंडाराज काबिज है, देश की जनता जानती है। अबोध बालिकाओं तथा नाबालिग बच्चियों के साथ घृणित कार्य हो रहा है। यही नही महिला सशक्तिकरण का नारा भी खोखला साबित हुआ। कानून व्यवस्था को लेकर माननीय उच्चतम न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालय तक भाजपा सरकार पर टिप्पणी की है।
अपना दल की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पल्लवी पटेल ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के कमेरे समाज के साथ खड़ा होकर सत्ताधारी पार्टी को चुनौती दी कि इस देश को कोई भी धर्म के नाम पर नहीं बाँट सकता।
पार्टी के नेता पंकज निरंजन ने डॉ सोनेलाल पटेल की विचारधारा और कमेरे समाज की एकता की ताकत को वो हथियार बताया जो बीजेपी की सरकार को इस प्रदेश से उखाड़ फेंकने का काम करेगी और प्रदेश के किसानों और मजदूरों और वंचितों को उनके अधिकारों के लिए एक बार फिर से खड़ा करेगी।
किसान सभा की अध्यक्षता कर रही अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल ने कार्यकर्ताओं का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि इस विशाल किसान सभा में उमड़ी भारी भीड़ ने अपना दल की ताकत का अहसास करा दिया कि आने वाला समय अपना दल का होगा, और उत्तर प्रदेश की राजनीति में व्याप्त समस्याओं के समाधान का एक नया रास्ता खोल दिया है।
इस सभा में शत्रुधन सिन्हा, सांसद, संजय सिंह राज्ससभा सांसद, एवं राष्ट्रीय महासचिव आम आदमी पार्टी, रमेश दीक्षित प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, गयादीन अनुरागी पूर्व विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष कोरी समाज एवं अपना दल की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पल्लवी पटेल, अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल भी उपस्थित रहीं।







