सौभाग्य योजना के लाभार्थियों से पीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए की बातचीत
नई दिल्ली, 20 जुलाई 2018: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने आजादी के बाद से बिजली की सुविधा से वंचित 18000 गांवों में बिजली पहुंचा कर अपने वादे को पूरा करने के साथ-साथ देश भर में बिजली वितरण प्रणाली में भी सुधार किया है।
यह बात श्री मोदी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर- सौभाग्य योजना के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत में कही। इसमें वह लोग भी शामिल थे, जिन्हें 2014 के बाद बिजली की सुविधा मुहैया कराई गई है। पिछली सरकारों द्वारा बिजली के महत्व को नजरअंदाज किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अंधेरा नहीं देखा है, रोशनी के अर्थ को नहीं समझ सकते हैं। जिन लोगों ने अंधेरे में अपनी जिंदगी नहीं बिताई उन्हें प्रकाश के मूल्य का एहसास नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सत्ता में आने के बाद से हजारों ग्रामों का विद्युतीकरण किया गया है। पिछली सरकार द्वारा किए गए झूठे वादों के विपरीत वर्तमान सरकार ने हर गांव में विद्युतीकरण के अपने वादे को पूरा किया है और देशभर में वितरण प्रणाली को सुधार कर उसे बेहतर बनाया है।







