अब इको फ्रेंडली टूरिज्म का भा रहा है चलन
मुंबई, 16 अक्टूबर 2018: ग्लोबलाईजेसन के इस दौर में आज लोग पर्यावरण के प्रति जागरूक हो रहे हैं यही कारण हैं कि पर्यावरण अनुकूल (इको फ्रेंडली) पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब लोगों में त्योहारों के दौरान प्रदूषण से बचने के लिए खुली हवा वाले स्थानों पर जाने की इच्छा साल दर साल बढ़ रही है। एक शोध में यह दावा किया गया है।
मीडिया ख़बर के अनुसार आनलाइन यात्रा मंच ‘एक्सिगो’ के इस शोध में कहा गया है कि महानगरों में त्योहारों के दौरान प्रदूषण बढ़ने से अधिक-से-अधिक लोग हरियाली वाली जगहों पर जाने की योजना बना रहे हैं। एक्सिगो के आंकड़ों के मुताबिक पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन के बारे में जानने की लोगों की इच्छा हर साल 25 प्रतिशत तक बढ़ रही है।
ख़बर के अनुसार अध्ययन में एक अक्टूबर से सात नवम्बर तक के त्योहारी मौसम में यात्रा की बुकिंग और जानकारी लेने के लिए लोगों के सर्च को शामिल किया गया है। शोध के मुताबिक त्योहारी मौसम के प्रदूषण से बचने के लिए 38 प्रतिशत लोग अकेले और 32 प्रतिशत लोग अपने परिवार के साथ घूमने जाना चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर के राज्य, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे राज्यों में लोग सबसे अधिक जाना चाहते हैं।







