Post Views: 526
ऑडियो टेप को लेकर वरिष्ठ आईएएस अफसर दीपक सिंघल ने किया बड़ा खुलासा: बोले, कथित बातचीत में 96.5 लाख रुपये पहुँचाने वाले ऑडियो टेप में उनकी आवाज़ नहीं
लखनऊ, 03 मार्च। वरिष्ठ आईएएस अफसर दीपक सिंघल ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि पूर्व सपा नेता अमर सिंह के साथ उनकी कथित बातचीत में 96.5 लाख रुपये पहुँचाने वाले ऑडियो टेप में उनकी आवाज़ नहीं है बल्कि वह कोई अन्य दीपक है। उन्होंने यह बात एक्टिविस्ट डॉ नूतन ठाकुर द्वारा लोकायुक्त के समक्ष इस सम्बन्ध में प्रस्तुत परिवाद के उत्तर में कही।
फर्जी शिकायत करने का आरोप
श्री सिंघल ने कहा कि अमर सिंह उस समय उत्तर प्रदेश विकास परिषद् के अध्यक्ष थे और परिषद् का सचिव होने के नाते वे श्री सिंह को शासकीय कार्यों से जुडी सूचना देते थे जो किसी प्रकार से अनुचित नहीं है। उन्होंने नूतन पर अधिकारियों के एक समूह से मिलीभगत कर उन्हें बदनाम करने की नीयत से आधारहीन तथा फर्जी शिकायत करने का आरोप लगाया, यद्यपि उन्होंने इन अधिकारियों का नाम नहीं लिया। उन्होंने झूठी शिकायत पर कार्यवाही की भी मांग की।
तीन ऑडियो टेप की जाँच की मांग की थी
नूतन ने श्री सिंघल और अमर सिंह के बीच कथित बातचीत के तीन ऑडियो टेप की जाँच की मांग की थी। इन टेप में शुगर डील, गैस डील, एसईजेड के टेंडर डॉक्यूमेंट, भूमि आवंटन में मनमाफिक बदलाव, आईएएस संजीव शरण के साथ नॉएडा और ग्रेटर नॉएडा में हिस्सेदारी, तत्कालीन मुख्य सचिव पर बाहरी दवाब डलवाने और आरडीए वाले देवेंदर कुमार को 96.5 लाख रुपये पहुँचाने जैसी बातें शामिल हैं।