देवरिया में सर्वाधिक 62 मिमी बारिश
लखनऊ,23 जून 2019: भीषण गर्मी से निजात दिलाने के लिए इन्तजार की घड़ियां अब ख़त्म वाली हैं क्योंकि मानसून ने गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। शनिवार को प्रदेश के पूर्वी जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम की भविष्यवाणी को गलत साबित करते हुए शुक्रवार रात अचानक दाखिल हुए मानसूनी बादलों की धमाकेदार इंट्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्मी से जूझ रहे लोगों को भारी राहत दी। इस दौरान सर्वाधिक 66 मिमी बारिश देवरिया में रिकार्ड की गयी. जबकि गोरखपुर में 45 मिमी व महराजगंज में 24 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग का दावा है कि लखनऊ सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रविवार व सोमवार को बारिश हो सकती है। उनका कहना है कि बीते 48 घंटे में बंगाल की खाड़ी में तेजी से बदले वातावरण ने मानसून की देरी पर विराम लगा दिया और अनुमान से पहले ही मानसूनी बादल पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंच गये। मौसम विभाग ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार खाड़ी में दो दिन पहले बने लो प्रेशर एरिया, अरेबियन सागर में बने चक्रवाती हवाओं के दबाव, वेस्टर्न डिस्टव्रेस के प्रभाव ने मानसून की राह आसान की है। शुक्रवार की सुबह मानसूनी बादल पूर्वी बिहार के पूर्णिया में दाखिल हुआ था। लेकिन 12 घंटे के अंदर ही मानसूनी बादलों ने स्पीड पकड़ी और पूर्वी उप्र में दाखिल हो गया।
शनिवार को राजधानी लखनऊ के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिससे सुबह मौसम खुशनुमा हो गया। आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बरसात होने का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम सूखा रहेगा। देवरिया, कुशीनगर तथा गोरखपुर में सुबह झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।