गर्मी ऑन बिजली गॉन
लखनऊ, 16 मई 2019: राजधानी में बढ़ते पारे की तपिश झेल रहे लोगों पर अब बिजली की आवाजाही ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है लोग कह रहे है कि यह मौसम के साथ हम पर दोहरी मार है इलाके में बिजली की आवाजाही अब लगातार बढ़ गयी है जिससे हम सभी पसीना- पसीना है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार राजधानी में आधे से अधिक उपकेन्द्रों से पोषित इलाकों में हर घंटे में बिजली गायब हो रही है। बिजली की रातभर की लुकाछिपी से लोग रतजगा करने को विवश है। बिजली न मिलने से लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि ऊर्जामंत्री लगातार शहरों में 24 घंटे व गांवों में 18 घंटे बिजली मुहैया कराये जाने का दावा कर रहे है लेकिन ऊर्जामंत्री का दावा पूरी तरह खोखला होकर रह गया है। गोमतीनगर के विवेक खंड में दोपहर भर बिजली गायब रहने से लोग भीषण गर्मी में बेहाल रहे। इसके अलावा नादरगंज में 11 हजार लाइन में खराबी आ जाने से बिजली दो घंटे से ज्यादा गुल हो गयी। ख़बरों के अनुसार इसी तरह इंजीनियरिंग कॉलेज उपकेन्द्र से पोषित बड़े इलाके में तड़के बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं को बिजली के साथ पानी का भी संकट खड़ा हो गया।
मीडिया ख़बरों के अनुसार उपभोक्ताओं का आरोप था कि बिजली तत्काल चालू की जा सकती थी लेकिन अभियंताओं की लापरवाही से सुबह से दोपहर तक बिजली चालू नहीं करायी जा सकी। इसके अलावा कुम्हरावां उपकेंद्र की बिजली सुबह छह बजे ठप हो गई। उतरेटिया में भी ट्रांसफार्मर जल गया। राजाजीपुरम, विकास नगर, इन्दिरानगर, मुंशी पुलिया, गोमतीनगर, चिनहट,सीतापुर रोड, जानकीपुरम, फैजुल्लागंज, निरालानगर, अलीगंज, महानगर समेत निशातगंज में भी घंटों बिजली गायब रहने से लोग परेशान रहे। पुराने लखनऊ से जुड़े यहियागंज, रकाबगंज, टूडियागंज, मौलवीगंज, अमीनाबाद, कैसरबाग, गोलागंज, चौक, चापैटिया, ठाकुरगंज, दुबग्गा समेत आलमबाग, आशियाना, चारबाग इलाकों में भी बिजली की लुकाछिपी ने लोगों को दिनभर बेहाल रखा।
काकोरी रोड एफसीआई उपकेन्द्र से जुड़े पालीटेक्निक फीडर से जुड़े बुद्धेश्वर, आलमविहार कालोनी, बुद्धेश्वर विहार कालोनी, भपटामऊ में हर घंटे के आंतराल में बिजली गायब होना आम बात हो गयी है वहीं वोल्टेज कम मिलने से लोगों के घरों के पंखा, कूलर, टीवी, फ्रिज व एसी तथा सबर्सेबल तक नहीं चल पा रहे है। ग्रामीण क्षेत्र के गोसाईगंज, समेसी, मोहनलालगंज, मलिहाबाद, माल, रहीमाबाद, बंथरा, सरोजनीनगर, काकोरी के गांवों में बिजली ने ग्रामीणों की नीद उड़ा रखी है।
गांवों में बामुश्किल चार से पांच घंटे भी बिजली मिलना दूभर हो गया है। पीक आवर्स के दौरान उपकेन्द्र पर मौजूद रहें एसडीओ व जेई : लेसा के मुख्य अभियंता सिस गोमती मधुकर वर्मा व मुख्य अभियंता ट्रांसगोमती प्रदीप कक्कड़ ने लेसा के सभी डिवीजनों के उपखण्ड अधिकारियों व अवर अभियंताओं को भीषण गर्मी के दौरान बढ़ते ब्रेकडाउन, ट्रिपिंग के मद्देनजर उपकेन्द्रों पर पीक आवर्स के दौरान उपलब्ध रहने के निर्देश दिये है।







