मौसम बदलते ही दिखा लोगों में सर्दी -जुकाम का असर, दिन भर तेज धूप, लेकिन चल रहीं बर्फीली हवाएं, दिन व रात के तापमान में 6-6 डिग्री की गिरावट
लखनऊ, 08 मार्च 2019: बृहस्पतिवार को अचानक पूरे प्रदेश के मौसम में तब्दीली दिखी। दिन और रात के तापमान में 6-6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी। प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन में तेज धूप निकली और बर्फीली हवाएं चलीं। इससे एक बार फिर ठंड बढ़ गयी है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 11 मार्च को बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में सोमवार को हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य के सभी मण्डलों में दिन के तापमान में कोई उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। गोरखपुर, फैजाबाद, इलाहाबाद, वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, बरेली और आगरा मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बस्ती रहा। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।







