अभी विभाग आंधी- तूफान आने से 4 से 6 घंटे पहले चेतावनी जारी करता आया है
नई दिल्ली, 04 जून। लगातार आ रहे तेज आंधी तूफान से पिछले दिनों देश के उत्तरी तथा उत्तरी पूर्वी हिस्से में हुए जानमाल के भारी नुकसान को देखते हुए मौसम विभाग ने कम से कम 24 घंटे पहले इसकी चेतावनी जारी करने की प्रणाली विकसित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
मीडिया को जानकारी देते हुए मौसम विभाग के महानिदेशक जेके रमेश ने बताया कि पिछले सप्ताह एक नया समूह बनाया गया है। जो आंधी तूफान के पूर्वानुमान को और बेहतर करने की दिशा में काम करेगा। अभी विभाग 4 से 6 घंटे पहले इस स्थिति को चेतावनी जारी करता है और उसका लक्ष्य ऐसी प्रणाली विकसित करना है जिसमें कम से कम 24 घंटे पहले चेतावनी जारी की जा सके।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अभी मौसम विभाग ‘नाउ कास्ट’ में इस तरह को वायुमंडल में गतिविधि का पूर्वानुमान 4 से 6 घंटे पहले लगाने में सक्षम है ऐसा प्रयास है कि आने वाले समय में कम से कम 24 घंटे पहले पूर्वानुमान लगाया जा सके ताकि प्रशासन के पास लोगों को चेतावनी पहुंचाने और उसके उपाय करने में अधिक समय मिल सके।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से बिजली कड़कने के साथ आंधी तूफान के मामले बढ़ गए हैं इसकी सबसे बड़ी एक वजह जलवायु परिवर्तन है। दिल्ली उत्तर प्रदेश बिहार बंगाल और राजस्थान के साथ पूर्वोत्तर राज्यों के राज्यों में गत 1 माह में तेज आंधी तूफान के लगातार कई दौर आ चुके हैं और इसमें बड़ी संख्या में मौतें भी हुई हैं। साथ ही जानमाल के साथ संपत्ति का भी भारी नुकसान हुआ है। इन इलाकों में पिछले कुछ वर्षों में ऐसा नहीं देखा गया था।







