सपा मुखिया ने कहा, जनता कहेगी, “बाबा इस बार जाना तो लौटकर कभी न आना”
लखनऊ, 21 जनवरी, 2020: केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भाषण पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में एक बाबा कम थे क्या, जो दूसरे प्रवचन देने आ गये। उन्होंने कहा कि जनता झूठे बाबा से यही कहेगी, बाबा इस बार जाना तो लौटकर कभी न आना।

ढोंगी बाबाओं ने जनता के विश्वास के साथ छल किया:
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को दोपहर बाद ट्वीट किया “ प्रदेश में एक बाबा कम थे क्या जो दूसरे बाबा अपना प्रवचन देने आ गये। इन ढोंगी बाबाओं ने जिस तरह जनता के विश्वास के साथ छल किया है उसकी वजह से CAA पर समर्थन के लिए इनकी झोली में जनता कुछ भी नहीं डालेगी। जनता झूठे बाबा से यही कहेगी… बाबा इस बार जाना… तो लौट कर कभी न आना।
मंगलवार को भी सपा कार्यालय पर पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों ने सदस्यता ग्रहण की। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम निश्चय ही 2022 का चुनाव जीतेंगे। इतनी संख्या में आ रहे लोग बता रहे हैं कि सपा की राह कोई नहीं रोक सकता।उन्होंने ट्वीट किया कि बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न ज़िलों के पूर्व सांसदों व विधायकों ने सपा की सदस्यता ग्रहण करके यह साबित कर दिया है कि प्रदेश के हर वर्ग की जनता के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के जन प्रतिनिधियों का भी सपा के प्रति विश्वास कितना बढ़ा है।







