भाजपा ने कहा: शिवसेना से ढाई साल के लिए सीएम पद का नहीं किया था कोई वादा
महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर भाजपा- शिवसेना का ड्रामा जारी है। भाजपा के फड़णवीस ने कहा, अगले पांच सालों के लिए भाजपा के नेतृत्व में सरकार चलेगी। उधर शिवसेना भी फिफ्टी फिफ्टी की राजनीति पर अडी हुयी है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने मंगलवार को कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव से पहले जब गठबंधन को अंतिम रूप दिया गया था, तब शिवसेना से ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद का वादा नहीं किया गया था। राज्य में अगली सरकार में सत्ता में भागीदारी को लेकर भाजपा एवं शिवसेना के बीच चल रही तकरार के बीच फड़णवीस ने कहा कि अगले पांच सालों के लिए भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनेगी और वह अगले पांच साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे।

फड़णवीस ने शिवसेना के मुखपत्र ‘‘सामना’ में भाजपा को अक्सर निशाना बनाए जाने को लेकर नाराजगी भी जाहिर की। फड़णवीस ने यहां अपने आधिकारिक आवास पर संवाददाताओं से यह बात कही। पिछले सप्ताह शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा को उनके, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के बीच 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले 50:50 के फार्मूले पर बनी सहमति की याद दिलाई थी।
मीडिया ख़बरों के अनुसार शिवसेना ने राज्य में अगली गठबंधन सरकार बनाने का दावा करने के बारे में बातचीत करने से पहले भाजपा से ‘‘सत्ता में बराबर की भागीदारी के फार्मूले’ के कार्यान्वयन का लिखित आश्वासन मांगा है। इस मुद्दे पर फडणवीस ने कहा- ‘मैंने अमित शाह से पुष्टि की और उन्होंने मुझे बताया कि 2019 लोकसभा चुनाव से पहले जब गठबंधन को अंतिम रूप दिया गया था, तब भाजपा ने शिवसेना को ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद के बारे में कोई आश्वासन नहीं दिया था।’’
जब उनसे पूछा गया कि फिर 50:50 का फार्मूला क्या है। इस पर फड़णवीस ने कहा, ‘‘आपको जल्द ही पता चल जाएगा।’ यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा उप मुख्यमंत्री का पद शिवसेना को देगी, फड़णवीस ने कहा ‘‘समुचित फैसला किया जाएगा।’ उन्होंने कहा कि भाजपा नीत गठबंधन अगले पांच साल एक स्थिर एवं कुशल सरकार देगा।
सांसद का दावा: शिवसेना के 45 विधायक भाजपा के साथ
भाजपा सांसद संजय ककाड़े ने मंगलवार को दावा किया कि महाराष्ट्र में शिवसेना के नवनिर्वाचित करीब 45 विधायक भाजपा के साथ हाथ मिला कर सरकार बनाने के इच्छुक हैं। एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान राज्यसभा सदस्य ककाड़े ने यह दावा किया। ककाड़े ने कहा ‘शिवसेना के 56 में से 45 विधायकों ने भाजपा के साथ हाथ मिला कर सरकार बनाने की अपनी इच्छा जाहिर की है। वे हमें फोन कर कह रहे हैं कि उन्हें सरकार में शामिल कर लें।’’ ककाड़े ने यह भी कहा कि शिवसेना के विधायक कह रहे हैं कि चाहे जो भी किया जाए, ‘लेकिन हम भाजपा के साथ सरकार का हिस्सा बनना चाहते हैं।’







