शीतलहर जारी हवा में ठण्ड बरकरार, गरज-चमक के साथ आज भी गिर सकता है पानी
लखनऊ, 09 जनवरी, 2020: यूपी में बुधवार हुयी जोरदार बारिश ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी है। फिलहाल बादल आज गुरुवार भी छायें हैं और हलकी बूंदा बांदी कहीं- कहीं जारी है। बता दें कि लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों में दिन भर रुक-रुककर बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी सूचना है। जिला प्रशासन ने भी अत्याधिक ठण्ड को देखते हुए स्कूल 10 जनवरी तक बंद रखने को कहा है।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश का सिलसिला आज गुरुवार को भी जारी रह सकता है। सड़कों पर भी दो पहिया वाहनों की आवाजाही ठंड और बारिश की वजह से कम रही। बारिश से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गयी। दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटों के दौरान तीन मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के उत्तर पश्चिम छोर के ऊपर दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसकी वजह से उत्तर भारत में वर्षा हो रही है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। अभी इसका प्रभाव बना हुआ है।







