कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दल देश के अंदर देश के दुश्मनों की भाषा बोल रहे हैं
लखनऊ, 22 जनवरी, 2020: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर विपक्ष द्वारा दुष्प्रचार कर भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दल देश के अंदर देश के दुश्मनों की भाषा बोल रहे हैं। पैसा देकर आगजनी करवाई जा रही है और धरना दिलवाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। इस मुद्दे पर हम मौन नहीं रह सकते।
झूठ के पांव नहीं होते:
मंगलवार को सीएए के समर्थन में राजधानी के बंगला बाजार स्थित रामकथा पार्क में आयोजित भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झूठ के पांव नहीं होते, जो सत्य है वह सत्य ही रहेगा। वामपंथ की इस पीढ़ी की थ्योरी को नकारने की जरूरत है। देश के खिलाफ साजिश हो रही है। ऐसे में हम मौन नहीं रह सकते।
सरकार बनने पर देश की आकांक्षाओं को किया जा रहा है पूरा :
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश सर्वोपरि है, उसके साथ किसी भी प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दूसरी बार सरकार बनने पर देश की आकांक्षाओं को पूरा किया जा रहा है। पहली बार देश के अंदर आतंकवाद, अलगाववाद और भेदभावकारी पाप, जो कि कांग्रेस की सरकारों के थे, उनके पापों के परिमार्जन करने के लिए एक लौह पुरुष के रूप में गृहमंत्री ने जो दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाया है, इसमें नए भारत की सुरक्षा और समद्धि का मंत्र छिपा है। आजादी के बाद कांग्रेस के पाप का परिमार्जन करने का कार्य गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में किया जा रहा है।







