गांधी की बताई बातों में सिर्फ एक का पालन करें तो मनुष्य बड़ा आदमी बन सकता है: पूर्व केन्द्रीय मंत्री
गाजीपुर, 23 अक्टूबर, 2019: महात्मा गांधी बनना तो किसी के बस का है नहीं, गांधी के रास्ते पर चलना भी सिर्फ झुठ बोलना हो सकता है। यह जरूर है कि महात्मा गांधी की बताई बातों में सिर्फ एक का पालन करें तो मनुष्य बड़ा आदमी बन सकता है। ये बातें बुधवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने सैदपुर विधानसभा में कही। वे गांधी संकल्प पद यात्रा का नेतृत्व करते समय नुक्कड़ सभा के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जो सरकार बनी वह महात्मा गांधी के नीतियों को आगे नहीं बढ़ा सकी। महात्मा गांधी ने कहा था कि देश महलों और कोठियों से नहीं, बल्कि गांव के सुखी होने पर प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने महात्मा गांधी के प्रिय विषय स्वच्छता को अपनी पिछली सरकार में अपनाया और देश में सरकार के प्रयास से 40 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाए गए हैं। मनोज सिन्हा ने कहा कि देश का सौभाग्य था कि हमारी धरती पर महात्मा गांधी पैदा हुए।
दो अक्टूबर से महात्मा गांधी के 150वीं जयन्ती अवसर पर लोकसभा गाजीपुर में निकली गांधी संकल्प पद यात्रा एकल प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, जल संरक्षण, जल संवर्धन,पर्यावरण प्रदूषण मुक्त वातावरण निर्माण के निमित्त जन जागरण करते हुए विधानसभा जखनियां, गाजीपुर सदर और जमानियां के बाद बुधवार को सैदपुर विधानसभा में लगातार दूसरे दिन चलती रही। इस दौरान महिलाओं पुरूषों का विशाल जन समूह ने पदयात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कई जगहों पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने पौधरोपण कर स्वच्छ पर्यावरण का भी संदेश दिया। सिधौना में स्वामी विवेकानंद के आदमकद पर मनोज सिन्हा व भानुप्रताप सिंह ने माल्यार्पण किया।
पदयात्रा में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह,कार्यक्रम के जिला संयोजक सुनील सिंह,प्रभुनाथ चौहान, ओम प्रकाश राय, सच्चिदानंद सिंह, ओमप्रकाश राम, देवव्रत चौबे, दया शंकर पांडेय, पप्पू सिंह, अखिलेश सिंह,ओमकार सिंह, मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा आदि मौजूद लोग रहे।






