लखनऊ, 12 जनवरी 2018, गार्ड्स की 14वीं बटालियन का स्वर्ण जयंती समारोह 12 जनवरी 2018 को समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर एक आकर्षक रस्मी परेड का आयोजित की गई जिसका निरीक्षण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पश्चिमी कमान के जनरल आॅफीसर कमांडिंग-इन-चीफ तथा कर्नल आॅफ द ब्रिगेड आॅफ गार्ड्स ले. जनरल सुरेन्द्र सिंह ने किया।
इस परेड में शामिल पैदल मार्चिंग सैनिक टुकड़ियों, बख्तरबंद गाड़ियों और माउण्ट व्हीकल्स दस्ते आकर्षण का केन्द्र रहे जो आधुनिकता के बदलते परिवेश में एक मैकनाईज्ड बटालियन की आॅपरेशनल कार्यकुशलता को प्रदर्शित करती है।

समारोह को संबोधित करते हुए ले. जनरल सुरेन्द्र सिंह ने भारतीय सेना एवं ब्रिगेड आॅफ गार्ड्स की उच्च परंपराओं के अनुरूप युद्धों एवं विभिन्न आॅपरेशनों में बटालियन के योगदान की प्रशंसा की। ले. जनरल सिंह ने सभी सैन्यकर्मियों से भविष्या में भी इस बटालियन की उच्च परंपराओं को बनाये रखने का आह्वान किया।
ले. जनरल सुरेन्द्र सिंह ने समारोह पर आधारित प्रथम दिवस आवरण का विमोचन भी किया। इस मौके पर सैन्यधिकारियों सहित भूतपूर्व सैनिक एवं वर्ष 1971 के युद्ध में भाग लेनेवाले भूतपूर्व सैनिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
इस समारोह में परमवीर चक्र से अलंकृृत शहीद लांस नायक एलबर्ट एक्का की पत्नी श्रीमति बालमदीना एक्का सहित बड़ी संख्या में वीर नारियाॅं शामिल थीं।
इस बटालियन का गठन 13 जनवरी 1968 को हुआ था। इस बटालियन को 1971 के भारत-पाक युद्ध में ‘परमवीर चक्र’ प्राप्त हुआ था। इस बटालियन के लांस नायक एलबर्ट एक्का को 1971 के भारत-पाक युद्ध में उनकी अदम्य साहस एवं असाधारण वीरता के लिए ‘परमवीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था। इस यूनिट को उत्तरी सिक्किम के दुर्गम एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कर्तव्य निर्वहन एवं योगदान के लिए वर्ष 2016 में पूर्वी कमान के आर्मी कमांडर के यूनिट प्रशंसा पत्र से भी सम्मानित किया जा चुका है।
पढ़े इससे सम्बंधित खबर:
https://shagunnewsindia.com/news-from-sena/







