सोनी सब का गुदागुदा देने वाला कॉमेडी शो, ‘जीजाजी छत पर हैं’ किरदारों के खूबसूरत तालमेल से हंसी और ठहाकों का धमाका करने में सफल रहा है। दो शानदार सालों के बाद यह शो अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है, क्योंकि इलायची (हिबा नवाब) और पंचम (निखिल खुराना) की अनूठी प्रेम कहानी को एक सुखद अंत मिल चुका है। 2018 में अपनी शुरुआत से ही इस शो ने हर किसी के दिल में एक खास जगह बना ली थी। ‘जीजाजी छत पर हैं’ कभी भी अपने दर्शकों को कुछ नया परोसने में नाकाम नहीं रहा है, हर किरदार इस मस्ती भरे हंगामे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और इस शो की कॉमेडी के स्तर को और भी बढ़ा रहा है।
इस खूबसूरत अध्याय को विराम देते हुए, ‘जीजाजी छत पर हैं’ के कलाकारों ने अब तक के सफर से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं, क्योंकि वह इस शो के एक भव्य समापन की तैयारी कर रहे हैं।

इलायची का किरदार निभा रहीं, हिबा नवाब ने कहा, ‘’इस शो से जुड़ी काफी सारी यादें हैं। मेरे किरदार इलायची का सफर सबसे लंबा रहा है- एक स्कूल गर्ल से लेकर एक शादीशुदा लड़की बनने तक का सफर। यह मेरी अब तक की सबसे विविधतापूर्ण भूमिका रही है, क्योंकि मुझे कई सारे किरदार और लुक्स निभाने का मौका मिला, जिसमें दूधवाली और डकैत भी शामिल है। एक कलाकार के तौर पर, इस शो में मेरा सफर सीखने वाला और मजेदार पलों से भरपूर रहा है। इस शो के कलाकार मेरे दूसरे परिवार की तरह हैं, जिन्हें मैं सबसे ज्यादा मिस करूंगी।‘’
पंचम की भूमिका निभा रहे निखिल खुराना ने कहा, ‘’जीजाजी छत पर हैं’ में कुछ खूबसूरत यादों के साथ 2 शानदार साल बीते हैं, जिन्हें मैं हमेशा ही याद रखूंगा। ‘जीजाजी छत पर हैं’ हमेशा ही मेरे दिल के करीब रहेगा, लेकिन प्यार के दो पंछी इलायची और पंचम के आखिरकार एक साथ आने पर यह अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। यह सफर मेरे लिये सीखने वाला और मजेदार रहा है। मैंने तो संजना का किरदार भी निभाया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इस शो में मैंने जितने भी किरदार निभाये उससे मुझे एक कलाकार के रूप में ज्यादा से ज्यादा सीखने का मौका मिला। मुझे अपने को-स्टार्स की बहुत याद आयेगी, यह काम करने के लिये अब तक की सबसे बेहतरीन टीम है।‘’
मुरारी की भूमिका निभा रहे, अनूप उपाध्याय कहते हैं, मेरे करियर में मुरारी के किरदार का हमेशा ही एक खास स्थान रहेगा, क्योंकि यह वाकई एक अनूठा किरदार है, जिसके साथ हृयूमर की कई सारी परतें जुड़ी हैं। ‘जीजाजी छत पर हैं’ के साथ बहुत ही कमाल का सफर रहा और मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि हम अपने दर्शकों के जीवन में हंसी और खुशी ला पाये। मुझे ऐसा लगता है ‘जीजाजी छत पर हैं’ ने सबसे मजेदार और यादगार किरदार गढ़े हैं, जो चेहरे पर मुस्कान लाने में कभी नाकाम नहीं रहे।‘







