मौसम विभाग ने कहा अभी राहत के आसार नहीं
लखनऊ, 04 अगस्त 2018: प्रदेश के विभिन्न जिलों में कहर बनीं बारिश से कम से कम अभी एक और हफ्ते तक निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। राज्य में हो रही जानलेवा बारिश के कारण हुए हादसों में पिछले 24 घंटों के दौरान 12 और लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही पिछले 1 जुलाई से अब तक ऐसी दुर्घटनाओं में मरने वालों का आंकड़ा 175 तक पहुंच गया है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान गोंडा, बांदा तथा कानपुर देहात में बारिश के कारण हुए हादसे में दो-दो लोगों की और अंबेडकर नगर शाहजहांपुर पीलीभीत मिर्जापुर लखनऊ और आजमगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
बता दे क़ि सूबे में 1 जुलाई से अब तक बारिश के कहर से वर्षाजनित हादसों में 175 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 144 लोग जख्मी भी हुए हैं। इनमें से ज्यादातर मौतें दीवार ढहने, पेड़ उखड़ने, बिजली गिरने और जमीन धंसने की घटनाओं में हुई हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक अभी लगभग 1 हफ्ते तक बारिश का सिलसिला नहीं थमेगा। उन्होंने कहा क़ि हालांकि अब प्रदेश में भारी वर्षा नहीं होगी लेकिन हल्की बारिश और बूंदाबांदी जारी रहेगी।

लखनऊ में आधा दर्जन मकान ढहने से बच्चे समेत 4 की मौत
लगातार हो रही बारिश से राजधानी लखनऊ में आधा दर्जन मकान गिर पड़े। हादसे की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गयी। हादसे में मलबे में दबकर एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गयी। वही दर्जनभर लोग घायल हो गए।

अमीनाबाद में मकान ढहने से एक 10 वर्षीय बच्ची को हुसैनगंज में मलबे में दबकर चाचा-चाची और एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गयी। वहीं महानगर में एक जगह मकान गिरने से भी पिता व उनकी दो बेटियां घायल हो गयी। जानकारी के मुताबिक अमीनाबाद के गणेश गंज निवासी सर्वेश मिश्रा परिवार के साथ रहते हैं शुक्रवार सुबह सवेरे अपने बेटे गौरव के साथ स्कूल छोड़ने गए थे उनके घर से निकलते ही पुराना मकान ढह गया।







