लाकडाउन के बाद श्रम विभाग ने साढ़े आठ लाख श्रमिकों के खाता नम्बर की तलाश की
लखनऊ, 20 अप्रैल 2020: पूरे यूपी में श्रम विभाग के अंतर्गत रजिस्टर्ड 1968516 श्रमिकों में श्रम विभाग के पास 14,14,969 श्रमिकों का खाता नम्बर उपलब्ध हो गया है। इसमें सोमवार क 14,02,418 श्रमिकों के खाते में पैसा पहुंच गया है अथवा पहुंचने की प्रक्रिया में लगा हुआ है। अब सिर्फ 5,53,547 रजिस्टर्ड श्रमिक ऐसे हैं, जिनका खाता नम्बर अभी तक नहीं मिल पाया है और इसके लिए अपर मुख्य सचिव राजस्व रेणुका कुमार ने समस्त मंडलायुक्त व जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर उनके खाता उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।
सबसे बड़ी बात है कि लाकडाउन से पूर्व उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत रजिस्टर्ड प्रदेश के 19,68,516 श्रमिकों में लगभग पांच लाख 68 हजार श्रमिकों के खाते ही उपलब्ध थे। जब राहत देने की बात आयी तो आदेश आते ही श्रम विभाग ने लाक डाउन की स्थिति में ही इनका खाता नम्बर तलाश करना शुरू कर दिया। इसके अंतर्गत गांव-गांव तक श्रम विभाग के कर्मचारी गये और लाक डाउन के बाद और लगभग आठ लाख 46 हजार रजिस्टर्ड श्रमिकों के खाता नम्बर सोमवार तक ढूढ निकाला और शासन को सुपुर्द कर दिया। अभी लगातार यह प्रक्रिया चल रही है।
बिजनौर में सर्वाधिक 43096 श्रमिकों के खाता नम्बर की अभी करनी है तलाश:
इसमें अभी सर्वाधिक श्रमिकों का एकाउंट नम्बर बिजनौर जिले का नहीं मिला है, जहां पर 43096 श्रमिकों का एकाउंट नम्बर की तलाश करनी है। वहां कुल रजिस्टर्ड श्रमिकों की संख्या 99934 है, जिसमें 56838 बैंक एकाउंट उपलब्ध हो गया है। वहीं कानपुर नगर में 90574 रजिस्टर्ड श्रमिकों में 49051 श्रमिकों का एकाउंट नम्बर उपलब्ध हो गया है, जबकि 41,523 श्रमिकों का अभी खाता नम्बर की तलाश जारी है। तीसरे नम्बर पर सहारनपुर डिविजन का मुजफ्फरनगर जिला है, जहां पर 66807 रजिस्टर्ड श्रमिकों में 34959 का खाता नम्बर मिल चुका है, जबकि 31848 के खाता नम्बर की अभी तलाश जारी है।
लखनऊ में 40658 श्रमिकों का मिला है खाता नम्बर:
वहीं लखनऊ मंडल के छह जिलों की बात करें तो लखनऊ जिले में 60956 रजिस्टर्ड श्रमिकों में 40658 का खाता मिला है, वहीं 20160 की तलाश चल रही है। रायबरेली में 37407 श्रमिक रजिस्टर्ड हैं, उनमें 28,333 का खाता नम्बर मिल चुका है। लखिमपुर-खीरी में 29261 में 20477 का खाता नम्बर मिला है, सीतापुर में 23652 में 16052 का खाता नम्बर मिला है, उन्नाव में 17074 में 12076 का खाता नम्बर मिला है। हरदोई में 13106 श्रमिक रजिस्टर्ड हैं। उनमें 10464 श्रमिकों का खाता नम्बर मिल चुका है। इसके अतिरिक्त महोबा, झांसी, चंदौली, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, ललितपुर, हमीरपुर, सुलतानपुर, चित्रकूट, बलरामपुर, अम्बेडकरनगर, अमेठी ऐसे जिले हैं, जहां पर एक हजार से कम रजिस्टर्ड श्रमिकों का खाता नम्बर की तलाश किया जाना शेष है।
अपर श्रमायुक्त ने कहा:
लखनऊ मंडल के अपर श्रमायुक्त बीके राय ने कहा कि मंडल के सभी श्रम अधिकारियों को जिलाधिकारी से संपर्क बनाये रखते हुए खाता नम्बर जल्द तलाश करने के लिए निर्देशित किया गया है। जैसे-जैसे खाता नम्बर आते जा रहे हैं। उसे शासन स्तर पर अपडेट कराया जाता है, जिससे श्रमिकों को जल्द सहायता राशि पहुंचाई जा सके। यहां भी जिलाधिकारी के माध्यम से सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र प्रेषित किया गया है तथा शहरी क्षेत्र में श्रम विभाग के अधिकारियों को भी लगाया गया है। बहुत जल्द ही शेष खाता नम्बर प्राप्त कर लिया जाएगा। इसके लिए पूरी टीम दिन रात काम कर रही है।







