मुंबई, 5 अक्तूबर: रेलवे द्वारा एलफिंस्टन रोड स्टेशन पर भगदड की जांच करने के बीच, इस घटना में बाल बाल बची एक छात्रा ने जांच समिति के सामने आशंका जताई कि फूल बेचने वाले एक व्यक्ति ने चिल्लाकर बोला था फूल गिर गया, लेकिन हो सकता है कि इसे लोगों ने गलती से पुल गिर गया समझा और इससे भगदड मच गई।
हालांकि एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने कहा कि उन्हें यह पता करना है कि यह हादसे का एकमात्र कारण है या इसके और भी कारण हैं।
बीते 29 सितंबर को सुबह के भीडभाड वाले समय में स्टेशन पर संकरे फुटओवरब्रिज की सीढियों पर भगदड मच गई जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गये।
पश्चिम रेलवे ने कल इसके कारणों की जांच शुरू की थी। जिस ओवरओवरब्रिज पर भगदड मची उसी पर रेहडीवाले फूल और अन्य सामान भी बेच रहे थे।
पश्चिमी रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज कहा कि भगदड में घायल एक छात्रा ने जांच समिति को कल बताया कि फूल बेचने वाले ने बोला फूल गिर गया जिसे लोगों ने गलती से पुल गिर गया समझ लिया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य प्रवक्ता रवींद्र भाकर ने कहा कि उन्होंने जांच समिति को बताया कि इससे सीढियों पर मौजूद लोगों में भगदड मच गई और वे एक दूसरे को कुचलते हुए दौडने लगे।







