अब लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रश्नपत्रों का वितरण से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रह तक का काम डाक विभाग के डाकिया बाबू करेंगे। कुलपति के अनुसार इससे धन का भी संचय होगा और अपने लोगों पर पड़ रहा ज्यादा बोझ भी कम किया जा सकेगा। शनिवार को आयोजित हुई परीक्षा समिति की बैठक में इस निर्णय पर मुहर लग गयी।
इसके साथ ही प्रशासनिक भवन के समिति कक्ष में सम्पन्न हुई बैठक में पिछले बैठक के कार्यवृत्त को अनुमोदित किया गया। इसमें तय हुआ कि अप्रैल-मई 2020 में सम्पन्न होने वाली स्नातक परीक्षाओं के सेमेस्टर परीक्षा में एमसीक्यू (मल्टीपल च्वाइस क्वेश्चन) प्रणाली को जारी रखा जाएगा।
इस परिप्रेक्ष्य में समिति द्वारा यह फैसला किया गया कि आगामी परीक्षा एमसीक्यू प्रणाली से ही कराई जाएगी। इसके साथ ही सभी कालेजों में प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिकाओं को पहुंचाने व वहां से उत्तर पुस्तिकाओं को लाने का काम डाक विभाग द्वारा कराने का निर्णय किया गया।







