- करीब 500 घुसपैठिए बालाकोट अड्डे से भारत में घुसने की फिराक में, बालाकोट से भी बड़ा हमला कर सकता है भारत : थलसेना प्रमुख
- क्यों नहीं दूसरे पक्ष को यह सोचने पर मजबूर कर दें कि हमारा अगला कदम क्या होगा
नई दिल्ली,24 सितम्बर 2019: थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने सोमवार को ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हाल ही में बालाकोट आतंकवादी अड्डे को फिर सक्रिय कर दिया है और करीब 500 घुसपैठिए भारत में घुसने की फिराक में हैं।
उन्होंने अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए) में संवाददाताओं से कहा कि फिर से सक्रिय हुए आतंकवादी ठिकाने के खिलाफ भारत का जवाब फरवरी में किए हवाई हमले से बड़ा हो सकता है। नए आतंकवादी ठिकानों के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीमा पार स्थित आतंकवादी ठिकाने फिर से सक्रिय हो गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा, मैं आपको बताता हूं, पाकिस्तान ने हाल ही में बालाकोट को फिर सक्रिय कर दिया है। सेना प्रमुख ने कहा कि बालाकोट सीमा पार हमले में क्षतिग्रस्त और नष्ट हो गया था। इसलिए लोग वहां से चले गए थे और अब वह फिर से सक्रिय हो गया है।
उन्होंने कहा, आप एक ही चीज के दोबारा होने की उम्मीद क्यों करते हैं, पहले हमने कुछ और किया, फिर बालाकोट (पर हवाई हमला), हम इसे क्यों दोहराएं। उन्होंने कहा, क्यों नहीं दूसरे पक्ष को यह सोचने पर मजबूर कर दें कि हमारा अगला कदम क्या होगा। उन्हें क्यों बताए कि हम क्या करने वाले हैं, क्यों ना उन्हें अनुमान लगाने दें, दोहराने की बात क्यों करें, क्यों ना उससे आगे बढ़कर कुछ करें। घुसपैठियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि मौसम के अनुसार यह आंकड़ा बदलता रहता है।
करीब 500 घुसपैठिए बालाकोट अड्डे से भारत में घुसने की फिराक में:
उन्होंने कहा, यह आंकड़ा बदलता रहता है, लेकिन मैं कहूंगा कि कम से कम 500 लोग हैं जो घुसपैठ की फिराक में हैं और यह न्यूनतम आंकड़ा है। बर्फ पिघलते ही जम्मू-कश्मीर के उत्तरी हिस्से की ओर से घुसपैठ की कोशिश होती है और जब तापमान में गिरावट के बाद बर्फबारी की चपेट में आए क्षेत्रों से यह कोशिश की जाती है। सेना ने एलओसी पर अतिरिक्त सैनिक तैनात कर घुसपैठ रोकने की अधिकतम कोशिश की है। साथ ही उन्होंने इशारा किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अन्य इलाकों का इसके लिए इस्तेमाल किया जाता है।







