- शायद शहर के बच्चे जानते भी नही होंगे कि ग्रेटर नोएडा के मध्य में हिंडन नाम की कोई नदी भी बहती है
- प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने हिंडन यात्रा को लेकर विधायक जेवर व ग्रेटर नोएडा के सामाजिक संगठनों को दिया बधाई संदेश
- जिस नदी को नोएडा व ग्रेटर नोएडा की लाइफ लाईन होना चाहिए था, वह नदी आज गंदे नाले का रूप है
ग्रेटर नोएडा 16 सितम्बर। ’हमने लाखों सालों से बह रही नदियों को अपनी एक जनरेशन में ही समाप्ती की ओर पहुॅचा दिया है, जो अच्छा संकेत नही है। कृष्णा और नर्मदा नदियां तकरीबन 60 प्रतिशत सिकुड चुकी हैं, अगर यहीं हालात रहे तो हमारी आने वाली नस्ले मुश्किल से नदियों में जल को बहते देख पायेंगी।’ हिंडन नदी की स्वच्छता को लेकर चलाये जा रहे अभियान के सम्बन्ध में ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में यह बातें विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह ने कही। विधायक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ’यद्दपि यह एक दुष्कर कार्य है, लेकिन हमें उम्मीद है कि जनजागरण के माध्यम से हम एक संदेश देने का एक भरसक प्रयास करेंगे कि लोग पानी और नदी के महत्व को समझे तथा आगे आकर हमारे इस अभियान में मदद करें।

सैंकडों की तादात मे औद्योगिक इकाईयां इस नदी को प्रदूषित कर रही हैं। हमारा प्रयास उन औद्योगिक इकाईयों को नींद से जगाने का भी होगा तथा नदी के किनारों पर वृक्षारोपण के माध्यम से हम पर्यावरण, शुद्धता और नदी की स्वच्छता के लिए विभिन्न चरणों में इस अभियान को आगे बढाते रहेंगे।’’
कल दिनांक 17 सितम्बर 2017 से हमारी पद यात्रा जेवर विधानसभा के तिलवाडा गांव से वृक्षारोपण लगाते हुए आरम्भ होगी और दादरी विधानसभा के गांव मोमनाथल पर सम्पन्न हो जायेगी।
मा. मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश ने भी विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह और सामाजिक संगठनों के इस प्रयास की सरहाना की है। आज की प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से एक्टिव सिटीजन टीम के सरदार मंजीत सिंह, आलोक सिंह, हरेन्द्र भाटी, मनोज गर्ग, मनोज सिरधाना, सुनीता वैद्य, सुनील प्रधान, राहुल नम्बरदार, अनिल गर्ग तथा लघु उद्योग के महेश त्यागी, पी.एस.चैहान आदि लोग मौजूद रहे।







