दलित अभियन्ताओं ने किया विरोध, ऊर्जा मंत्री से की मुलाकात और सौंपा ज्ञापन
पावर कार्पोरेशन द्वारा 3 अप्रैल को सेवानिवृत्ति के पश्चात पुनः अनुसेवक से लेकर मुख्य अभियन्ता लेबिल 1 तक सभी पदों पर आउट सोर्सिंग के जरिये पुनः कार्पोरेशन के सेवानिवृत्त कार्मिकों को रखे जाने हेतु जारी आदेश के विरोध में उ0प्र0 पावर आफिसर्स एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल अति0 महासचिव श्री अनिल कुमार, सचिव आर0पी0 केन, संगठन सचिव श्री अजय कुमार व श्री राधेश्याम ने शक्ति भवन में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री श्रीकान्त शर्मा से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मा0 ऊर्जा मंत्री को सौंपे गये ज्ञापन के माध्यम से यह मांग उठायी कि सेवानिवृत्त के पश्चात् कार्मिकों को पुनः सेवा में रखना गलत है, इससे जहां एक तरफ कार्य प्रभावित होगा। वहीं दलित व पिछड़े वर्गों के आरक्षण व्यवस्था पर भी बड़ा कुठाराघात हो रहा है। ऐसे में अविलम्ब इस आदेश के निरस्त किया जाना चाहिए और जहां तक सवाल है कार्पोरेशन में बड़े पैमाने पर खाली पदों की वजह से कार्य सफर होने का तो उस पर कार्पोरेशन को अविलम्ब विचार करते हुए नयी नियुक्ति के आधार पर पदों को भरा जाना चाहिए जिससे बेरोजगारों को न्याय मिलेगा।
मा0ऊर्जा मंत्री ने एसोसिएशन के ज्ञापन को गम्भीरता से पढ़ने के बाद यह आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले पर गम्भीरता से विचार कर निर्णय लिया जायेगा। किसी के साथ कोई अन्याय नहीं होगा।







