कश्मीर पर ही ध्यान दिया और राज्य में विकास के संतुलन को बिगाड़ दिया
नई दिल्ली, 24 जून। भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने जम्मू में पत्रकार वार्ता के दौरान महबूबा मुफ्ती सरकार से गठबंधन टूटने को उचित ठहराते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती जम्मू और लद्दाख क्षेत्रों की अनदेखी कर रही थी। राज्य की गठबंधन सरकार से अलग होने के बाद पहली बार जम्मू कश्मीर आए श्री शाह ने कहा कि सुश्री मुफ्ती ने कश्मीर पर ही ध्यान दिया और राज्य में विकास के संतुलन को बिगाड़ दिया।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यहां आकर ही जनता को यह बताना मैंने उचित समझा कि भाजपा ने पीडीपी से गठबंधन क्यों तोड़ा। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान जितना जम्मू-कश्मीर के लिए दिया उतना पैसा पिछले 70 सालों में नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य को 80 हज़ार का पैकेज ही नहीं दिया बल्कि इसमें से 61000 करोड़ रुपए की राशि जारी भी की गई। इसके आलावा राज्य को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स दिया गया, लेकिन इसका काम लटका दिया गया। जम्मू को स्मार्ट सिटी घोषित किया गया लेकिन अब तक इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार नहीं की गयी।







