यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने आज आजमगढ़ में कहा ‘अगर बिहार में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को महागठबंधन के जिम्मेदारी सौंपी जाती तो उसका एेसा हश्र नहीं होता।’
इसके बाद उन्होंने अपने भतीजे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव भी नेताजी को सम्मान देते तो विधानसभा चुनाव में एसपी की करारी हार नहीं होती। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम को राज्यपाल बनाये जाने की तैयारियों से जुड़ी अटकलों पर शिवपाल ने कहा कि नेताजी ऐसे किसी प्रस्ताव को स्वीकार नही करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘हम उन्हें घर में सभी चीजों को व्यवस्थित करने का मौका दे रहे हैं। अगर मतभेद नहीं होता तो प्रदेश में समाजवादी सरकार होती। पार्टी में फूट की वजह से ही आज यह स्थिति पैदा हुई है। मैं पूरे प्रदेश की यात्रा कर रहा हूं और अगले डेढ़ महीने कर करता रहूंगा। मुझे लोगों का बंपर समर्थन मिल रहा है। हम पार्टी में उपेक्षित रहे नेताओं को साथ लेकर नया मोर्चा बनाएंगे।’
मुलायम सिंह यादव के राज्यपाल का पद स्वीकार किए जाने के बारे में शिवपाल ने कहा कि अभी ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है और होगा भी तो वह स्वीकार नहीं करेंगे।







