अखिलेश ने कहा, भाजपा चाहती है कि मुसलमानों को न मिले नागरिकता
लखनऊ, 31 दिसम्बर 2019: सीएए और एनआरसी के विरोध में समाजवादी पार्टी के विधायक विधानमंडल दल की बैठक के लिए साइकिल से निकले। मंगलवार को सुबह दस बजे के बाद साइकिल से निकले विधायकों का कहना था कि भाजपा सीएए और एनआरसी से देश की जनता को डरा रही है। हम डरने वाले नहीं हैं, इसी कारण साइकिल से निकले हैं। वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चाहती है कि मुसलमानों को नागरिकता न मिले।
साइकिल से निकले सपा विधायक रामवृक्ष यादव ने कहा कि मुलायम सिंह से लेकर अखिलेश यादव तक सभी ने साइकिल चलाई है। सपाई हमेशा से आम लोगों की आवाज बनते हैं। हम आमजन हैं और उनकी हर लड़ाई हमारी लड़ाई है। इसी कारण हम साइकिल से निकले हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि देश में भाजपा सामरिक समरसता को खत्म करना चाहती है लेकिन हम उसे खत्म नहीं होने देंगे। इसके लिए हम जमीन और आसमान एक कर देंगे। इसी का संदेश देने के लिए साइकिल से निकले हैं।
वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का अहम सिर चढ़कर बोल रहा है। सीएए और एनआरसी का विरोध पूरी दुनिया में हो रहा है लेकिन भाजपा के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा। आखिर भाजपा नागरिकता धर्म के नाम पर देकर दुनिया को क्या बताना चाहती है। भाजपाई यही चाहते हैं कि मुसलमानों को नागरिकता न मिले। वे पूरे देश को डरा रहे हैं कि एनआरसी लागू किया जाएगा। आखिर आधार कार्ड के नाम पर एक-एक डाटा इकट्ठा किया गया और वह केन्द्र सरकार के पास है। वह नागरिकता के संबंध में जानकारी पर्याप्त नहीं है। अब आधार से अलग हटकर आप एनपीआर में कुछ नया करना चाहते हैं।







