लखनऊ,01 जुलाई 2019: यूपी में 30 जून को हुयी सुबह जमकर बारिश के बाद लोग फिर भीषण गर्मी और उमस से उबल रहे हैं, लोगों को अब फिर जोरदार बारिश का बेसब्री से इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में कुछ स्थानों को छोड़कर बाकी जगह उमस भरी भीषण गर्मी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि अगले चौबीस घंटे तक इसी तरह की गर्मी पड़ेगी। और संभवता दो जुलाई से मौसम में बदलाव होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार इस बात के आसार है कि दो जुलाई से राजधानी सहित नजदीकी जनपदों में बरसात शुरू हो जाएगी। बता दें कि प्रदेश में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। अब लोगों को बारिश की राहत का इंतजार है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के गोरखपुर और मेरठ मंडलों में दिन के तापमान में खासी बढोतरी दर्ज की गयी।

राजधानी में लोगों को रविवार की सुबह हुयी बारिश के बाद कुछ राहत मिली लेकिन शाम होते ही भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ा। वातावरण में उमस 65 प्रतिशत रही और अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से सात डिग्री अधिक था।







