नई दिल्ली 2 अक्टूबर। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लोगों से गीता नाम की मूक-बधिर लड़की के माता-पिता को ढूंढने की अपील की है. गीता के भारत आने के बाद से अब तक उसके माता-पिता का पता नहीं चल पाया है. बता दें कि पाकिस्तान से दो साल पहले भारत लाई गई ये लड़की बोलने और सुनने में सक्षम नहीं है।
सुषमा स्वराज ने गीता को उसके माता-पिता से मिलवाने वालों को एक लाख रुपए का इनाम देने की भी घोषणा की है. ख़ास बात है कि गीता के पाकिस्तान से वापस आने पर कई जोड़ों ने उसके माता-पिता होने का दावा किया था, लेकिन उनके दावों की पुष्टि नहीं हो पाई थी. अभी वह मध्य प्रदेश के इंदौर में एक संस्था में रह रही है।
सुषमा ने रविवार को एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें गीता भी उनके साथ खड़ी है. वीडियो में उन्होंने कहा, ‘आज मैं अपने देशवासियों के सामने बहुत भारी मन से अपील कर रही हूं. मेरे साथ गीता खड़ी है. ये न बोल सकती है न सुन सकती है. ये वही लड़की है जो 10-12 वर्ष पहले पाकिस्तान पहुंच गई थी, कैसे पहुंची ये रहस्य है, अगर ये बोल पती तो बता देती।’







