सपा प्रमुख ने कहा, उत्तर प्रदेश में आज जिन अस्पतालों में इलाज हो रहा है, वे समाजवादी पार्टी में बने हैं
भारतीय जनता पार्टी देश और प्रदेश की भोली-भाली जनता को भावनात्मक मुद्दों के जरिए फंसाने का काम करती है। भाजपा ने गरीबों, किसानों और मजदूरों को जो सपना दिखाया था वह टूट गया है। देश की जनता का भरोसा तोड़ा है। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अच्छे दिन के जो सपने दिखाए थे वह पिछले 6 सालों में क्या पूरे हुए? आज भाजपा को कुछ सोचना चाहिए कि वह अच्छे दिन वाले सपने कब पूरे होंगे? उप्र में आज जिन अस्पतालों में इलाज हो रहा है वह सब समाजवादी सरकार में बने हैं। भाजपा की सरकार में मुख्यमंत्री ने अस्पतालों के काम रोक दिए। मुख्यमंत्री के बयान रोज बदलते रहते हैं। कभी कहते हैं कि 50 लाख को रोजगार दिया, कभी कहते हैं कि 10 लाख को दिया, कभी कहते हैं कि ढाई लाख को दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बेड़े में 70 हजार से ज्यादा बसें थी लेकिन मजदूर पैदल चलते चलते मर गए। यूपी सरकार चाहती तो यूपी नहीं झारखंड बिहार और इधर से गुजरने वाले अन्य राज्यों के मजदूर को भी पैदल नहीं चलना पड़ता। गरीब भूखों मर गए। किसान बर्बाद हो रहे हैं। किसानों को गेहूं का मूल्य नहीं मिला। गन्ना किसानों का बकाया नहीं मिल रहा है। बीजेपी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था पहले से ही खराब थी, लेकिन जब से कोविड-19 महामारी आई है तबसे अर्थव्यवस्था फ्रीफाल हो रही है। ऐसी स्थिति में लोगों को रोजगार कहां से मिलेगा?
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के सम्बंध में जो फैसला लिया है वह गलत है। श्रमिकों के लिए कोई पाबंदी नहीं होनी चाहिए वह देश की किसी राज्य में अगर जाकर काम करना चाहते हैं तो उसकी आजादी संविधान ने दी है। सरकार को यह फैसला वापस लेना चाहिए और अगर नहीं दिया है तो आज ही वापस लेना चाहिए। जब यूपी सरकार के पास एक एंप्लॉयमेंट एक्सचेंज का विभाग था तो सरकार को नया आयोग बनाने की क्या जरूरत है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग लगातार गरीबों की मदद कर रहे हैं। खाना खिला रहे हैं लेकिन यह सरकार उनके खिलाफ एफआईआर कर रही है और डरा रही है। हम समाजवादी लोग मानते हैं कि यह समय आराम का नहीं है, जोखिम भरा समय है। समाजवादी लोग गरीबों मजदूरों की मदद कर रहे हैं। कार्यकर्ता लगातार लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने छह वर्ष में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। अच्छे दिनों के जनादेश का क्या हुआ? गरीब को खाना क्यों नहीं मिलता? भाजपा सरकार से जनता का भरोसा टूटा है।







