श्री श्याम निशानोत्सव एवं खाटू धाम यात्रा 2020
श्री श्याम ज्योत मंडल, लखनऊ द्वारा महाराजा अग्रसेन पार्क, तिलकनगर लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए मंडल के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी तथा अध्यक्ष श्रवण कुमार अग्रवाल ने बताया किया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री श्याम ज्योत मंडल द्वारा दो दिवसीय श्याम प्रभु का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने बताया कि बाबा श्याम का दरबार लगभग 24 फीट ऊंचा तथा 72 फीट चौड़ा होगा। इस बार का दरबार बहुत आलौकिक, आकर्षण, रत्नजड़ित, अद्भुत होगा। इसके लिए 20 दिन से कोलकाता से आए कारीगर तथा गिनीज बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाले लखनऊ के आसिम की बाबा श्याम का दरबार देखरेख में बनाया जा रहा है। कार्यक्रम का पंडाल अबकी बार हर बार से कुछ अलग आभा लिए होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के संरक्षक एवं समिति के सदस्यों द्वारा 22 फरवरी को अपरान्ह 4 बजे पूजन कार्यक्रम से किया जाएगा। तत्पश्चात् बाबा का आलौकिक ज्योत प्रज्जवलित की जायेगी। इसके बाद आरती के साथ प्रभु की वंदना राजश्री म्यूजिकल ग्रुप एवं मंडल के सदस्यों द्वारा की जाएगी। इसके पश्चात् कोलकाता के साहिल शर्मा, बीकानेर के प्रवेश शर्मा तथा सारेगामा फ्रेम मुबंई के प्रमोद त्रिपाठी भजनों के द्वारा बाबा को रिझायेंगे।
अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल ने बताया कि मंडल द्वारा पिछले 37 वर्षों से बाबा श्याम का निशानोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। उत्सव में सभी सदस्यों द्वारा श्याम निशान की पूजा अर्चना की जाती है और अगले दिन भव्य शोभायात्रा के रूप में लहराते हुए निशान को ले जाते है और खाटू मंे बाबा को निशान चढ़ाते है। यह निशान (ध्वज) कोई भी चढ़ा सकता है। ऐसी मान्यता है कि कोई भी भक्त अपनी मनौती पूरी होने पर निशान चढ़ाते है।
बता दें कि इस बार मंडल द्वारा सामाजिक कार्यक्रम की श्रृंखला में सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन 13 अप्रैल को महाराजा अग्रसेन विद्यालय, मोतीनगर में किया गया है जिसमें मंडल द्वारा पांच कन्याओं का विवाह कराया जायेगा।
23 फरवरी को प्रातः 10 बजे सभी भक्त बाबा श्याम के निशान लेकर एक भव्य शोभायात्रा के रूप में हाथी, घोड़े, ऊंट व बैण्डबाजा के साथ झूमते, नाचते, गाते हुए महाराजा अग्रसेन पार्क, तिलकनगर से शास्त्रीनगर, रकाबगंज, पांडेयगंज, रानीगंज, गनेशगंज होते हुए चारबाग हनुमान मंदिर को प्रस्थान करेगा। 27 फरवरी को सभी भक्त बस द्वारा खाटू जायेगे जहां 28-29 फरवरी को बाबा को निशान चढ़ायेगे।
प्रेसवार्ता में श्रीनिवास अग्रवाल, भारतभूषण गुप्ता, राजेन्द्र अग्रवाल, सुरेश कंछल, सचिन कंछल, विवेक गोयल तथा मोहित गोयल उपस्थित थे।







