सेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार
नई दिल्ली, 19 दिसंबर, 2019: सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने बुधवार को कहा कि एलओसी पर हालात किसी भी समय खराब हो सकते हैं और सेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। बता दें कि उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अगस्त में अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को खत्म करने के बाद से पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में एलओसी पर लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रावत ने कहा, ‘‘एलओसी पर स्थिति किसी भी समय खराब हो सकती है। भारतीय सेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार है।’जनरल रावत ने 31 दिसम्बर 2016 को सेना प्रमुख का पदभार संभालने के बाद घाटी में सीमा पार से फैलाए जा रहे आतंकवाद से निपटने में त्वरित कार्रवाई की नीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें 31 दिसम्बर को सेवानिवृत्त होना है लेकिन ऐसी संभावना है वह देश के पहले ‘‘चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ’ नियुक्त किए जाएंगे।

सुरक्षा बलों के आकलन के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने बहुत हद तक घाटी में स्थिति पर नियंतण्रपा लिया है लेकिन अभी भी चौकन्ना रहने की जरूरत है ताकि माहौल न खराब हो। सूत्रों ने बताया कि कश्मीर में स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है और वास्तविक आकलन के आधार पर एक-एक कदम उठाए जा रहे हैं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने पिछले महीने लोकसभा में कहा था कि ‘अगस्त 2019 से अक्टूबर 2019 के बीच जम्मू-कश्मीर में एलओसी से लगी सीमा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की 950 घटनाएं हुई हैं।’







