- पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम हो सकता है खराब: मौसम विभाग
- कृषि विशेषज्ञ ने कहा, किसानों को घबराने की जरूरत नहीं, पकी फसल को जल्द समेटने की जरूरत
लखनऊ, 20 अप्रैल 2020: वैश्विक महामारी के बीच मौसम भी कभी-कभी दगा दे रहा है। इससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन पूर्व उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के बाद अभी तो मौसम साफ है लेकिन मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद आंधी-पानी की संभावना जताई गयी है।
इस संबंध में कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि रबी की पकी हुई फसल को जितना जल्दी हो सके किसानों को सुरक्षित कर लेना चाहिए। फल, सब्जियों के लिए उतना घबराने की जरूरत नहीं है। समय से दवाओं का छिड़काव करते रहें।

उत्तर प्रदेश के मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने साेमवार को बताया कि दो दिन पूर्व पश्चिमी यूपी में आयी बारिश पश्चिमी विक्षोभ के कारण था। सोमवार को भी कहीं-कहीं हल्के बादल की संभावना बन रही है लेकिन मौसम साफ रहेगा। उन्होंने कहा कि फिर पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है, जिससे दो दिन बाद पूरे यूपी में जगह-जगह बारिश व आंधी की संभावना बन रही है। ऐसे में लोगों को अभी से सतर्क रहने की जरूरत है।
उधर कृषि विशेषज्ञ डाक्टर एसके अग्रवाल ने कहा कि किसानों को रबी की पकी फसल को जल्द समेटने और घर लाने की जरूरत है। सब्जियों और फलों के संबंध में किसानों को घबराना नहीं चाहिए। यदि सिर्फ बारिश होती है तो उन्हें नुकसान नहीं होगा लेकिन आंधी की स्थिति में फलों को नुकसान होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में धैर्य से काम लेना होगा और किसानों को फलों पर कीटनाशक दवाओं का हल्का प्रयोग करते रहना चाहिए।







