कल प्रातः 6 बजे डा. भीमराव अम्बेडकर स्मारक गोमतीनगर मेन गेट से होगी जनजागरण की शुरुआत
लखनऊ, 16 जून। लोकसभा में लम्बित पदोन्नति आरक्षण बिल पास कराने को लेकर आरक्षण बचाओं संघर्ष समिति उप्र ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं इसी के तहत ‘आरक्षण बचाओं पैदल मार्च’ को लेकर आज संघर्ष समिति का संयोजक मण्डल सरकारी विभागों की कालोनियों, बीबीएयू सहित अनेकों बैठके कर कल पैदल मार्च को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी से सहयोग का आहवान किया है जिससे केन्द्र व उत्तर प्रदेश की सरकार विवश होकर आरक्षण अधिनियम 1994 की धारा 3(7) व लोक सभा में लम्बित पदोन्नति बिल पास करें।
बता दे कि कल 17 जून को ‘आरक्षण बचाओं पैदल मार्च‘ की तैयारियां आरक्षण बचाओं संघर्ष समिति पिछले कई दिनों से कर रही थी। ‘पैदल मार्च’ कल सुबह 17 जून को प्रातः 6 बजे डा. भीमराव अम्बेडकर स्मारक गोमतीनगर मेन गेट से निकलेगा। इसी के तहत संघर्ष समिति का संयोजक मण्डल सरकारी विभागों की कालोनियों, बीबीएयू सहित अनेकों बैठके कर कल पैदल मार्च को ऐतिहासिक बनाने का आहवान किया।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, केबी राम, डा रामशब्द जैसवारा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार, श्याम लाल, अन्जनी कुमार, रीना रजक, प्रेम चन्द्र, अशोक सोनकर, लेखराम, रामेन्द्र, प्रभूशंकर, श्रीनिवास, सुनील कनौजिया, रंजीत कुमार ने कहा कि कल होने वाला आरक्षण बचाओं पैदल मार्च ऐतिहासिक होगा। जिसमें आरक्षण समर्थक कार्मिकों का जमावाड़ा लगेगा।
उन्होंने कहा कि अभी भी समय है उत्तर प्रदेश की सरकार को दलित कार्मिकों के हक में आगे आकर धारा 3(7) को बहाल कर प्रदेश के 8 लाख दलित कार्मिकों को उनका हक दिलाना चाहिये। बहुत जल्द ही देश के लगभग आधा दर्जन राज्यों के कार्मिक एक साझा मंच बनाकर दिल्ली कूच करेगें जिससे विवश होकर केन्द्र की मोदी सरकार पदोन्नति बिल को आने वाले सत्र में पास करे।







