आरक्षण समर्थकों का बड़ा अभियान ‘गांव में लगाओ चौपाल दलित जनप्रतिनिधियों से करो सवाल‘
लखनऊ, 26 नवंबर 2018: आरक्षण बचाओं संघर्ष समिति उप्र ने आज ‘संविधान दिवस‘ के अवसर पर पूरे प्रदेश के सभी जनपदों में प्रातः 7 बजे 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिकों ने संविधान को मजबूत करने व आरक्षण बचाने की शपथ ली, संघर्ष समिति संयोजक मण्डल द्वारा प्रातः 7 बजे सामाजिक परिवर्तन प्रतीक स्थल, गोमती नगर, लखनऊ में संविधान दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति, उप्र के संयोजक अवधेश कुमार वर्मा ने बडी संख्या में उपस्थित आरक्षण समर्थक कार्मिकों को संविधान को मजबूत करने व आरक्षण को बचाने की शपथ दिलायी और कहा कि बाबा साहब द्वारा आज ही के दिन देश को संविधान समर्पित किया गया था। यह दिन देश के आरक्षण समर्थकों के लिये सबसे गौरवशाली दिन है।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजकों सर्वश्री अवधेश कुमार वर्मा, केबी राम, डा रामशब्द जैसवारा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार,पीएम प्रभाकर, श्याम लाल, अन्जनी कुमार, रीना रजक, एसपी सिंह, लेखराम, राकेश पुष्कर, प्रेम चन्द्र, अशोक सोनकर, बनी सिंह, जितेन्द्र कुमार, रेनू, अनीता, अंजली गौतम, सुधा, शिवदेवी, योगेन्द्र कुमार, रामेन्द्र कुमार, सुशील कुमार, प्रभुशंकर राव, प्रवेश कुमार, रामराज, सुनील कनौजिया ने आज इस अवसर पर सर्वसम्मति से यह ने कहा कि जिस प्रकार से दलित कार्मिकों को अपमानित किया जा रहा है, अब आरक्षण समर्थकों का आन्दोलन शहर से गांव की तरफ बढ़ेगा और एक बड़े जन आन्दोलन का रूप लेगा।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में आरक्षित सीट से जीत कर आने वाले सांसदों के खिलाफ आरक्षण समर्थकों का गुस्सा चरम पर था, इस अवसर पर आज संघर्ष समिति ने एक बड़ा फैसला लेते हुए यह निर्णय लिया है कि अब एक नया अभियान ‘‘गांव में लगाओ चैपाल दलित जनप्रतिनिधियों से करो सवाल‘‘ चलाया जायेगा। जिसके माध्यम से बाबा साहब के करोड़ों अनुयायियों को यह बताया जायेगा कि जिन्हें आपने बाबा साहब की संवैधानिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए अपना जनप्रतिनिधि चुना वह आरक्षण विरोधियों के षडयंत्र में शामिल हैं और बाबा साहब की संवैधानिक व्यवस्था आरक्षण खतरे में है।







