मोदी सरकार पर पदोन्नति बिल पास कराने के लिये बनायेगें दबाव
लखनऊ, 16 सितम्बर 2018: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र की प्रान्तीय कार्य समिति की एक बैठक में सर्वसम्मति से यह घोषणा की गयी कि बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर सहित अन्य बहुजन समाज के सन्तों व गुरूओं को नमन करते हुये दिनांक 28 सितम्बर, 2018 को होने वाली विशाल परिक्रमा को सफल बनाने के लिए 17 सितम्बर 2018 से सभी सरकारी विभागों में अपने कार्मिकों को जागरूक करने के लिये जनजागरण अभियान चलायेगी।
संघर्ष समिति का इस कार्यक्रम के माध्यम से केन्द्र की मोदी सरकार को यह संदेश देना है कि केन्द्र सरकार अविलम्ब पदोन्नतियों में आरक्षण संवैधानिक लम्बित बिल को अविलम्ब पास कराये और साथ ही एससी/एसटी ऐक्ट पर हो रहे लगातार कुठाराघात को रोके। संघर्ष समिति संयोजक मण्डल द्वारा लगातार 10 दिनों तक प्रदेश के सभी विभागों में आरक्षण समर्थक कार्मिकों को जागरूक करेगी जिससे आने वाले समय में एक व्यापक आन्दोलन पूरे देश में चलाया जा सके।
आरक्षण बचाओं संघर्ष समिति के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, केबी राम, डा रामशब्द जैसवारा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार, श्याम लाल, रीना रजक प्रेम चन्द्र, दिग्विजय सिंह, पीएम प्रभाकर, जितेन्द्र कुमार, रेनू, श्रीनिवास राव, पीपी सिंह, योगेन्द्र, रामेन्द्र कुमार, सुनील कनौजिया ने कहा कि 28 सितम्बर को बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर, प्रतीक स्थल गोमती नगर, लखनऊ गेट नम्बर-1 से प्रातः 6.30 बजे शुरू होने वाली विशाल आरक्षण समर्थक परिक्रमा इतिहास के पन्ने में दर्ज होगी। आरक्षण समर्थक कार्मिक शान्तिपूर्वक परिक्रमा पूरी कर अपने बहुजन समाज के सन्तो गुरूओं को याद कर भीम गीम के माध्यम से आवाज बुलन्द करेगें। और केन्द्र की मोदी सरकार पर यह दबाव बनायेगें कि पदोन्नतियों में आरक्षण की व्यवस्था को बहाल किया जाय।







