आरक्षण समर्थकों का उत्साह चरम पर आर-पार की लड़ाई के लिये कमर कसी
लखनऊ, 22 सितम्बर 2018: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अपना जन जागरण अभियान और तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत उन्होंने कृषि, बिजली, वाणिज्य कर के बाद आज सिंचाई विभागों के कार्यालयों में लगातार जन जागरण अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी 28 सितम्बर, 2018 को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर स्मारक गेट नम्बर-1 से प्रातः 6.30 बजे शुरू होने वाली विशाल परिक्रमा को सफल बनाने के लिये सभी ने कमर कस ली है। विशाल परिक्रमा को ऐतिहासिक बनाने के लिये कल पूना पैक्ट की पूर्व संध्या पर बुद्ध बिहार, रिसालदार पार्क, लाल कुआॅ आरक्षण समर्थक 1 बजे एक संगोष्ठी का आयोजन कर रहे है, जिसमे आरक्षण को बचाने की शपथ ली जायेगी।
बता दें कि उप्र के तत्वाधान में पदोन्नति में आरक्षण संवैधानिक संशोधन 117वां बिल को लोकसभा से अविलम्ब पास कराने तथा एससी/एसटी ऐक्ट पर हो रहे लगातार कुठाराघात को रोकने को लेकर आरक्षण समर्थकों का यह जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है।
इस मौके पर आरक्षण बचाओं संघर्ष समिति के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार, भागीरथ वर्मा, प्रेम चन्द्र, सुशील कुमार, रामेन्द्र, योगेन्द्र, मुन्नी आर्या, राधेश्याम, सुनील कनौजिया ने एक सयुंक्त बयान में कहा कि जिस प्रकार से पूरे प्रदेश में आरक्षण समर्थक कार्मिकों की एकजुटता दिख रही है उससे यह सिद्ध होता है कि अब पूरे देश में व्यापक जन आन्दोलन चलाने की जरूरत है। जब तक पदोन्नति में लम्बित बिल पारित नहीं कर दिया जाता है आरक्षण समर्थक बैठने वाले नहीं है, यह कितने दुर्भाग्य की बात है एस0सी/एसटी ऐक्ट पर दो सदनों से मजबूत कानून पूर्व की भाॅति बनने के बाद आज भी कुछ आरक्षण विरोधी ताकते उसके विरोध में समाज में भेदभाव पैदा कर रही है और सरकारे चुपचाप तमाशा देख रही है। पूरे देश का आरक्षण समर्थक इस मामले मे चुप बैठने वाला नहीं है।







