26 नवम्बर 1949 को बाबा साहब ने संविधान तैयार कर देश को किया था समर्पित
लखनऊ, 21 नवंबर 2018: आरक्षण बचाओं संघर्ष समिति उप्र 26 नवंबर को आरक्षण बचाने का संकल्प लेंगे, इस बात की जानकारी आज प्रान्तीय कार्य समिति संयोजक मण्डल की एक आवश्यक बैठक में दी गयी। जिसमे कहा गया कि सभी विभागों के संयोजक मण्डल द्वारा 26 नवम्बर को प्रातः 7 बजे संविधान दिवस के अवसर पर सामाजिक परिवर्तन प्रतीक स्थल, गोमती नगर, लखनऊ में संविधान को मजबूत करने व आरक्षण को बचाने का इस वर्ष भी संकल्प लिया जायेगा।
बता दें कि पूरे प्रदेश में संघर्ष समिति की जनपदीय इकाईयों को भी संविधान दिवस पर संकल्प लेने हेतु निर्देशित कर दिया गया है। संघर्ष समिति के नेताओं ने पुनः एक बार उप्र सरकार से मांग उठायी कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा एम. नागराज केस में पारित निर्णय के अनुसार अविलम्ब उप्र में पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था बहाल की जाये एवं रिवर्ट कार्मिकों को पुनस्र्थापित कराया जाये।
इस मौके पर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजकों सर्वश्री अवधेश कुमार वर्मा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार,पीएम प्रभाकर, श्याम लाल, अन्जनी कुमार, प्रेम चन्द्र, अशोक सोनकर, जितेन्द्र कुमार, अजय धानुक, सुनील कनौजिया, प्रवेश कुमार ने कहा कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान तैयार बाबा साहब द्वारा देश को सौंपा गया था। इसलिये पूरे देश में इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन आरक्षण समर्थकों के लिये बहुत ही सौभाग्यशाली दिन था। इसी संविधान की बदौलत सभी को समानता का अधिकार मिला था और दबे कुचले बहुजन समाज को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिये आरक्षण रूपी संवैधानिक अधिकार भी मिला था।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में आरक्षण विरोधी आरक्षण पर लगातार कुठाराघात कर रहे हैं, जो अपने आप में संविधान विरोधी कार्यवाही को दर्शाता है। ऐसे में पूरे देश का आरक्षण समर्थक आगामी 26 नवम्बर को देश के संविधान को मजबूत करने व आरक्षण को बचाने की शपथ लेते चले आ रहे हैं।






