लखनऊ-09 जनवरी 2019: मुख्य विकास अधिकारी मनीष बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि वृद्धावस्था पेंशन, पति की मृत्यु उपरान्त निराश्रित महिला पेंशन एवं दिव्यांगजन पेंशन स्वीकृत विषयक कार्यवाही किए जाने हेतु शिविरों का आयोजन दिनांक 08 जनवरी 2019 से 31 जनवरी 2019 तक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सम्बन्धित विकास खण्ड के सहायक विकास अधिकारी,(सक) ग्राम विकास अधिकारी(सक) पर्यवेक्षक समाज कल्याण, सम्बन्धित लेखापाल एवं सम्बन्धित ग्राम प्रधान शिविर में उपस्थित रहकर नवीन पेंशन हेतु आनलाइन आवेदनपत्रों की मौके पर ही जांच आख्या दर्ज करके अपनी संस्तुति सहित आवेदन पत्र सम्बन्धित सहायक विकास अधिकारी (सक) को प्राप्त कराएंगे।

उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों द्वारा आय प्रमाणपत्र हेतु आनलाइन आवेदन किया गया है, उनके आवेदनपत्रों पर सम्बन्धित लेखपाल मौके पर ही आय प्रमाणपत्र निर्गमन हेतु जांच की कार्यवाही पूर्ण करायेंगे।
उन्होंने बताया कि शेष अन्य पात्र लाभार्थियों का नवीन पेंशन स्वीकृति विषयक पात्रता एवं अभिलेखों की जानकारी एवं आनलाइन आवेदन किए जाने के सम्बन्ध में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त उक्त शिविरों में सोशल सेक्टर की योजनाओं के लाभार्थियों की समस्याओं की सुनवाई करके मौके पर निराकरण किया जाएगा तथा सहायक विकास अधिकारी (सक) उक्त से सम्बंधित विवरण एक पंजी में तत्काल दर्ज करेंगे व निस्तारण आख्या प्रस्तुत करेंगे।







