- 2018 के प्रथमा, पूर्व मध्यमा और उत्तर मध्यमा के परीक्षा परिणाम वेबसाइट पर अपलोड
- सीएम ने वीडियो काॅन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रथमा, पूर्व मध्यमा और उत्तर मध्यमा में टाॅपर्स से सीधी बातचीत की
लखनऊ: 06 जून, 2018: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां शास्त्री भवन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वर्ष 2018 के प्रथमा (कक्षा-8), पूर्व मध्यमा (कक्षा-10) और उत्तर मध्यमा (कक्षा-12) के परिणामों को वेबसाइट पर अपलोड किया गया।
मुख्यमंत्री ने वेबसाइट के लोकार्पण एवं परिणामों को अपलोड किए जाने के अवसर पर वीडियो काॅन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रथमा में जनपद जालौन के सुखदेव दीक्षित, पूर्व मध्यमा में जनपद जालौन के शिवपूजन और उत्तर मध्यमा में बदायूं जनपद के सोहित कुमार गुप्ता से सीधी बातचीत की। इन विद्यार्थियों ने परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। साथ ही, उन्होंने प्रथमा में द्वितीय स्थान पर रही बस्ती जिले की हर्षिता एवं पूर्व मध्यमा में सातवें स्थान पर रही गोरखपुर की सुषमा से भी बात की।
मुख्यमंत्री ने परीक्षाओं में उत्तीर्ण सभी परीक्षार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शीघ्र ही इन परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रदेश सरकार सम्मानित करेगी। उन्होंने टाॅपर्स एवं उनके शिक्षकों व अभिभावकों को खासतौर पर बधाई दी। उन्हांेने टाॅपर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी संस्कृत भाषा के उन्नयन व प्रचार-प्रसार के लिए अपना योगदान देंगे।
तकनीक के जुड़ने से परिणामों में पारदर्शिता आएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षाओं का परिणाम समय पर आया है। उन्हांेंने कहा कि यह इस बात का प्रतीक है कि संस्कृत भी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने वेबसाइट के शुभारम्भ और परीक्षा परिणामों के वेबसाइट पर अपलोड किए जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब संस्कृत भाषा भी तकनीक के साथ जुड़ रही है। यह एक अभिनव प्रयोग है, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि तकनीक के जुड़ने से अब परीक्षाओं व उनके परिणामों में शुचिता एवं पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि वेबसाइट के शुभारम्भ और परीक्षा परिणामों को अपलोड कर संस्कृत शिक्षा के विकास एवं उन्न्यन हेतु उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद ने सराहनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डाॅ. दिनेश शर्मा, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा संजय अग्रवाल, सूचना निदेशक डाॅ. उज्ज्वल कुमार, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री साहब सिंह निरंजन, उप्र संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष डाॅ. वाचस्पति मिश्र सहित उप्र माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं सदस्यगण मौजूद थे।







