महापौर संयुक्ता भाटिया ने किया उद्घाटन
लखनऊ, 26 फरवरी। महानगर स्थित ई पार्क में श्वान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन महापौर संयुक्ता भाटिया द्वारा किया गया। महापौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि कुत्ता बहुत ही समझदार एवं स्वामिभक्त जानवर होता है। लोगों द्वारा इनको घर घर पाला जाता है क्योंकि वे चोरों एवं अजनबी लोगों से हमें सावधान भी करते हैं। इनकी सूंघने की अद्भुत क्षमता के कारण इनका उपयोग पुलिस एवं सेना द्वारा किया जाता है। अमेरिका में तो सेना में MWD व K9 के नाम से इनकी बाकायदा अलग डिवीज़न होती है। स्वान आदि जानवर प्रकृति में होने वाले परिवर्तन भूकंप, बाढ़ आदि का पूर्वानुमान कर हमें उसका अग्रिम आभास कराते हैं और विभिन्न इशारों द्वारा हमें उसकी सूचना भी देते हैं। कुत्तों की स्वामिभक्ति की अनेक कथाएं हमे पुस्तको में पढ़ने को मिलती हैं।

महाराज युधिष्ठिर को तो स्वर्ग लोक ले जाना वाला एक स्वान ही था। इस विषय पर तेरी मेहरबानियां जैसी फिल्म को भी बनाया गया है। प्रदर्शनी में जर्मन शेफर्ड, लैब्राडोर रिट्रीवर, रॉटवीलर, बीगल, बुल डॉग, गोल्डन रिट्रीवर, डॉबरमैन, पूडल, डैकशुंड, पुग आदि नस्ल के स्वान ने अपने पालकों के साथ प्रदर्शन किया। महापौर ने विभिन्न श्रेणियों के प्रथम, द्वितीय एवम तृतीय पुरस्कार पाने वाले स्वान पलकों को पुरस्कृत किया। स्पिट्ज ब्रीड के प्रतियोगियों में स्वान पालक तान्या चौहान को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
मौके पर कार्यक्रम संयोजक जेपी सिंह, अपर आयुक्त अनिल कुमार मिश्र, पार्षद शैलेन्द्र सिंह ‘बल्लू’, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ अरविंद राव, पशु पालन डॉ एम ए अंसारी, उद्यान निरीक्षक राजू चौरसिया समेत अनेक गणमान्य जन, अनेक श्वान पालकों समेत बड़ी संख्या में नागरिक एवम दर्शक उपस्थित रहे।






