उप राष्ट्रपति ने उप्र विद्युत नियामक आयोग के नवनिर्मित ऊर्जा दक्ष भवन का किया लोकार्पण
लखनऊ: 26 मई। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि हाल ही में की गई रैंकिंग के अनुसार भारत विश्व का छठवां ‘वेल्दी नेशन’ है। अब हमें एक ‘हेल्दी नेशन’ बनने की दिशा में काम करना है। विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को तभी सफल माना जाएगा, जब इसका लाभ सभी तक पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को विकास का लाभ देने की दिशा में काम कर रही है। राज्य सरकार जनहित में निर्णय ले रही है, जिसका लाभ लोगों को बड़े पैमाने पर मिल रहा है।
उन्होंने यह विचार आज यहां उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के नवनिर्मित ऊर्जा दक्ष भवन के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की प्रगति और विकास का पता वहां हो रही विद्युत खपत से लगता है। केन्द्र सरकार के अथक प्रयासों के कारण व्यापक स्तर पर देश के गांवों का विद्युतीकरण हुआ है। अब घर-घर तक बिजली पहुंचाने का काम करना है।
उप राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा ऊर्जा मंत्री द्वारा प्रदेश के विद्युत क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शीघ्र ही प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की स्थिति और बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार ने केन्द्र से 24ग7 पावर फाॅर आॅल के लिए समझौता किया है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि इस भवन का शिलान्यास उनके द्वारा वर्ष 2014 में किया गया था। उन्होंने कहा कि इस भवन का निर्माण 02 वर्ष में होना तय हुआ था, परन्तु इसके पूर्ण होने में लगभग 04 वर्ष का समय लग गया। कार्य समय पर पूर्ण होने से ‘काॅस्ट ओवर रन’ नहीं होती है, अन्यथा लागत बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट के उपरान्त उद्यमियों ने प्रदेश में अपनी इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखायी है, जिसका मुख्य कारण प्रदेश की बेहतर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और उपलब्धता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए शहरी क्षेत्रों में 24 घण्टे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घण्टे की अवधि निश्चित की है। राज्य सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2017-18 के दौरान लगभग 38 लाख घरों को विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्पादन और पारेषण में संतुलन बनाने की आवश्यकता है।
अंत में कार्यक्रम को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा, प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार तथा राज्य सभा के महानिदेशक एवं विद्युत नियामक आयोग के पूर्व अध्यक्ष देश दीपक वर्मा ने भी सम्बोधित किया।








1 Comment
Thank you for sharing your info. I really appreciate your efforts and I am waiting for your next post thank you once again.