Post Views: 455
लखनऊ, 27 जुलाई 2018: कारगिल विजय दिवस के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ और महापौर संयुक्ता भाटिया ने देश के प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को नमन किया। इसके साथ ही सीएम ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया।
नगर निगम लखनऊ द्वारा शहीद स्मारक गोमती तट पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने शहीद कैप्टन मनोज पांडेय के भाई मनमोहन पांडेय, मेजर रितेश शर्मा, लांसनायक केवलानन्द द्विवेदी, कैप्टेन आदित्य मिश्रा और शहीद सुनील जंग के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिवारजनों को स्मृति चिन्ह, शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ की तर्ज पर सभी नगर निगमों में शहीद पार्क बनाएंगे। इस मौके पर कार्यक्रम के अतिविशिष्ठ अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और विशिष्ठ अतिथि के रूप में डॉ रीता बहुगुणा जोशी, राज्य मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, मोहसिन रज़ा, विधायक सुरेश श्रीवास्तव, नीरज बोरा, अस्वनी त्रिवेदी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अध्यक्षीय भाषण में शहीदों को नमन के करते हुए महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि यह जीत सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। शहीद का बलिदान राष्ट्र का जीवन होता है। शहीदों की शहादत राष्ट्र को संजीवनी प्रदान करती है। करगिल में पाक की घुसपैठ का हमारे जवानों ने करारा जवाब दिया था।
अपने भाषण में माननीय मुख्यमंत्री ने कहा, मैं कारगिल विजय दिवस पर सभी शहीदों को नमन करता हुं। आज इस कार्यक्रम में भाग लेने पर मैं गर्व महसूस कर रहा हूं। कारगिल विजय दिवस भारत के सम्मान का दिवस है। मैं अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हर व्यक्ति यह जनता है कि कारगिल की स्थितियां भारत के प्रतिकूल नहीं थी, लेकिन भारत माता के बहादुर जवानों के साहस के कारण आज के दिन कारगिल युद्ध पर हमने विजय प्राप्त की थी। मैं धन्यवाद दूंगा लखनऊ नगर निगम को जिसमे कारगिल शहीदों के लिए यह पार्क का निर्माण किया। हमें प्रयास करना चाहिए कि 17 नगर निगमों में शहीदों के नाम का पार्क होना चाहिए, जिससे आज की पीढ़ी वीर शहीदों के बारे में जान सके। शहीदों के संकल्प के साथ अपने आप को जोड़ने के लिए हमें हर समय प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर नगर निगम द्वारा संचालित अमीनाबाद इंटर कॉलेज एवं नगर निगम डिग्री कॉलेज के छात्र- छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनमानस का मन मोह लिया।
इस मौके पर नगर निगम उपाध्यक्ष अरुण तिवारी, भाजपा पार्षद दल मुख्य सचेतक रजनीश गुप्ता सहित अन्य पार्षद और गणमान्य लोग उपस्थित थे।