लखनऊ, 04 मार्च। लखनऊ महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया ने पैर का पलास्टर कटवाने के बाद नगर निगम के होली मिलन समारोह में शामिल हुईं। नगर निगम के बाद महापौर ने अमीनाबाद स्थित प्रताप मार्केट की छः दुकानों में लगी आग से हुए नुकसान को देखने पहुँची।
ज्ञात हो कि शुक्रवार को दोपहर अमीनाबाद की तंग गलियों में स्थित प्रताप मार्केट में भीषण आग लग गयी थी। आग की चपेट में आने से कपड़े और होज़री की छः दुकानों का माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया था। महापौर ने चौक निवासी दुकान मालिक नितिन अग्रवाल से बात की और तारों के मकड़जाल से मार्केट को मुक्त कराने के लिए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से बात कर अंडरग्राउंड केबल डलवाने की बात कही जिससे शॉर्ट सर्किट की समस्या को सुलझाया जा सके लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि दुकानों में बेसमेंट होने के कारण यह संभव नहीं हो सकेगा।
महापौर ने वहां पर दुकान से जले हुए कपड़ो का मलवा हटाने के निर्देश के साथ तारों के मकड़जाल को व्यवस्थित करने एवं उचित पावर की एल ई डी लाइट लगवाने का भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।







