लखनऊ, 19 दिसम्बर 2018: ग्रामीणों के गुस्से का शिकार हुयी आदमखोर बाघिन रेनू को घायल अवस्था में लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान लखनऊ में आज लाया गया है। बता दें कि यह बाघिन वन विभाग खीरी से आयी थी। इस बाघिन को लेकर आये स्टाफ के लोगों ने बताया कि इस बाघिन ने एक व्यक्ति को मार दिया था, जिससे गुस्साये गाॅंव वालों ने बाघिन को घेर कर इसे बुरी तरह से मारा था। इस कारण इसकी हालत अत्यधिक गंभीर हो गयी थी। उस समय इसकी उम्र लगभग 2.5 से 3 साल की थी।
अप्रैल, 2018 से इसे प्राणि उद्यान के वन्यजीव चिकित्सालय में भर्ती कर पशु चिकित्सकों द्वारा चिकित्सा प्रारम्भ की गयी। प्राणि उद्यान के पशु चिकित्सकों द्वारा इसकी लगातार चिकित्सा किये जाने से यह बाघिर रेनू अब बिल्कुल स्वस्थ है। इसे टाइगर हाउस जोन के टाइगर बाड़े में आज स्थानान्तरित किया गया है। बता दें कि इसे जल्दी ही दर्शकों के देखने हेतु बाहर बाड़े में खोला जायेगा।
इप्सिता की हालत में सुधार:
नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान, लखनऊ की बाघिन इप्सिता का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण तीन दिसंबर को प्राणि उद्यान के वन्यजीव चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। इप्सिता को बड़े बाड़े में रखा गया है जिससे वह आसानी से टहल सके। इप्सिता अब पूरी तरह से अपना भोजन करने लगी है एवं सामान्य रूप से पानी भी पी रही है। चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि अब उसे स्वास्थ्य लाभ हुआ है परन्तु उसकी चिकित्सा तब तक जारी रहेगी जब तक वह पूर्ण रूप से स्वस्थ न हो जाये। इसलिए इप्सिता अभी कुछ और दिन वन्यजीव चिकित्सालय में ही रहेगी।







