आपसी सौहार्द में दिखा ‘सबके साथ सेंवई’ का मेलजोल
लखनऊ, 1 जुलाई। खानपान और आपसी सौहार्द की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में इंदिरा नगर स्थित गाजीपुर की गरीब बस्ती में ईद के मौके पर शनिवार को ‘सबके साथ सेंवई’ का आयोजन किया गया। इस साझा कार्यक्रम का आयोजन इंसानी बिरादरी, अवाम मूवमेंट और मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी की ओर से किया गया। बता दें कि पिछली 14 जनवरी को भी इसी तरह मकर संक्रांति के अवसर पर ‘सबके साथ खिचड़ी’ का आयोजन किया गया था।
इस बात की जानकारी एक जारी प्रेस विज्ञप्ति में कार्यक्रम के संयोजक और इंसानी बिरादरी के खिदमतगार वीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने दी उन्होंने कहा कि कहा कि कार्यक्रम की यह श्रृंखला लोगों को बांटने की साजिश के खिलाफ सबको जोड़ने के सांस्कृतिक अभियान का हिस्सा है। होली-दीपावली की तरह ईद भी सबका त्यौहार है। सेंवई की मिठास सभी के लिए है। ईद गले मिलने के लिए है, मेलजोल का झंडा लहराने के लिए है।
उन्होंने बताया कि आयोजन में सामाजिक कार्यकर्ता रफत फातिमा, नाहिद अकील, चमेली गौतम, पुष्पा सिंह, मोहम्मद नासिर, समक्ष, सैय्यद वसी, नदीम, सृजनयोगी आदियोग आदि शामिल हुए। ख़ास बात यह कि सेंवई तैयार करने का काम इंसानी बिरादरी से जुड़े स्थानीय निवासियों ने किया।







